राजसी ठाटबाट और हनक शनिवार को निरंजनी अखाड़े के छावनी प्रवेश में साफ दिखा। रथों, बग्घियों और घोड़ों से सजा महामंडलेश्वरों, महंतों का कारवां जिधर से गुजरा, उधर सड़कों की दोनों पटरियों पर कतारबद्ध शहरवासी हर हर महादेव और गंगा मैया की जय के उद्घोष करते रहे। सड़कें गेंदा-गुलाब की पंखुडि़यों से पट गईं। रास्ते भर नागा संन्यासियों ने तलवार, भाला, लाठी के प्रदर्शन से संतों-भक्तों का ध्यान खींचा।
शनिवार को पंचायती अखाड़ा निरंजनी के छावनी प्रवेश में संतों का शाही अंदाज देखने के लिए लोग घर-घर से निकले। अल्लापुर से दारागंज होते हुए परेड से संगम तक बाजे गाजे के साथ निरंजनी अखाड़े के संतों की शोभायात्रा हर ककी के लिए यादगार बन गई। निरंजनी अखाड़े की छावनी प्रवेश यात्रा को देखने हजारों की संख्या में प्रयागराजवासी सड़कों पर मौजूद थे। अखाड़े के साधु-संतों पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया।