महाकुंभ नगर संगम तट पर स्नान करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
अगर आप सोच रहे हैं कि महाकुंभ सिर्फ अध्यात्म, पर्यटन तक ही सीमित है तो सही नहीं हैं। इस बार का आयोजन तमाम अन्य विषयों के साथ ही वित्तीय साक्षरता का भी कुंभ है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) एक छत के नीचे श्रद्धालुओंं को बैंकिंग से लेकर साइबर जागरूकता व डिजिटल रुपया तक की जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
आरबीआई के त्रिवेणी मार्ग पर लगे शिविर में छह अलग-अलग काउंटरों के जरिए श्रद्धालुओं को वित्तीय रूप से साक्षर होने में मदद की जा रही है। मैनुअल व डिजिटल माध्यमों से उन्हें जागरूक करने के साथ पंफलेट और बुकलेट के जरिए जानकारी दी जा रही है। यहां बच्चों को भी जागरूक करने के लिए कॉमिक्स मोड में बुकलेट दी जा रही है। इसमें चित्रों व शब्दों के संयोजन के जरिए साइबर जागरूकता का पाठ पढ़ाया जा रहा है।
छह काउंटर, सभी पर अलग-अलग जानकारी
- डिजिटल पेेमेंट : यह काउंटर यूपीआई संबंधी जानकारियों से संबंधित है। यूपीआई पेमेंट के दौरान बरते जाने वाली सावधानियों से लेकर छोटे भुगतान से संबंधित यूपीआई लाइट व फीचर फोन से संबंधित यूपीआई 123 डिजिटल पेमेंट सिस्टम के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।
- उपभोक्ता संरक्षण : बैंकिंग सेवा से जुड़ी समस्याओं व शिकायतों के संबंध में कहां और कैसे संपर्क करें, इसकी जानकारी इस काउंटर पर दी जा रही है। नॉन बैंकिंग वित्तीय संस्थाओं से संंबंधित शिकायतों के संदर्भ में भी यहां जानकारी पाई जा सकती है।
- वित्तीय साक्षरता : तीसरा काउंटर वित्तीय साक्षरता का है। यहां अकाउंट खुलवाने से लेकर इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग समेत अन्य सेवाओं व सुविधाओं के बारे में बताया जा रहा है।
- इनवेस्टमेंट कॉर्नर : इस काउंटर पर श्रद्धालु आरबीआई बांड समेत अन्य निवेश योजनाओं के बारे में विस्तार से जान सकते हैं।
- करेंसी : इस काउंटर पर करेंसी से संबंधित जानकारी दी जा रही है। बंद हो चुके 2000 के नोटों को बदलने से लेकर फटे-पुराने नोटों को बदलने की क्या प्रक्रिया अपनाएं, यह काउंटर इस बारे में विस्तार से बताता है।
- वित्तीय तकनीक : फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी नाम के इस काउंटर पर सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी ‘डिजिटल रुपया’ की खूबियों से लोगों को परिचित कराया जा रहा है। यही नहीं, यहां हाथों-हाथ उनके डिजिटल रुपया वाॅलेट भी खुलवाए जा रहे हैं। इसमें फिजिकल करेंसी की तरह ही अलग-अलग मूल्यवर्ग के डिजिटल नोट वॉलेट में एड करने की सुविधा मिलती है।