युवा पीढ़ी सभ्यता से जुड़ जाती है तो उसकी जड़ें और मजबूत हो जाती हैं
उन्होंने खुशी और संतोष जताया कि महाकुंभ में युवाओं की बड़ी भागीदारी दिख रही है। उन्होंने कहा कि इस बार आप सबने देखा होगा कि कुंभ में युवाओं की भागीदारी बहुत व्यापक रूप में नजर आती है। यह भी सच है कि जब युवा पीढ़ी अपनी सभ्यता के साथ, गर्व के साथ जुड़ जाती है तो उसकी जड़ें और मजबूत होती हैं। तब उसका स्वर्णिम भविष्य भी सुनिश्चित हो जाता है। इस बार कुंभ के डिजिटल फुट प्रिंट भी इतने बड़े पैमाने पर दिख रहे हैं। कुम्भ की ये वैश्विक लोकप्रियता हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
सामाजिक मेलजोल का माध्यम हैं पर्व
पीएम मोदी ने पर्वों को सामाजिक मेलजोल का माध्यम बताते हुए कहा कि हाल ही पश्चिम बंगाल में गंगासागर में मेले का भी विहंगम आयोजन हुआ। संक्रांति के पावन अवसर पर इस मेले में पूरी दुनिया से आए लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई है। कुंभ, पुष्करम और गंगा सागर मेला ये पर्व हमारे सामाजिक मेल जोल को, सद्भाव को, एकता को बढ़ाने वाले पर्व हैं। ये पर्व भारत के लोगों को भारत की परंपराओं से जोड़ते हैं और जैसे हमारे शास्त्रों में संसार में धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष पर बल दिया है, वैसे ही हमारे पर्वों और परंपराएं भी आध्यात्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक हर पक्ष को सशक्त करते हैं।
सीएम योगी ने पीएम मोदी के प्रति जताया आभार
मन की बात में महाकुंभ का जिक्र करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वर्ष के पहले मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने महाकुंभ का भी प्रमुखता से जिक्र किया और एक बार फिर इसे एकता का महाकुंभ बताया। पीएम मोदी की चर्चा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भारत की एकात्मता के जीवंत प्रतीक, आध्यात्मिकता, समता और समरसता के महासमागम महाकुंभ के सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर चर्चा कर हम सभी को मार्गदर्शन प्रदान किया है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का महोत्सव महाकुंभ प्रयागराज हमारी सांस्कृतिक धरोहरों व परंपराओं से आज संपूर्ण विश्व का साक्षात्कार करा रहा है। महाकंभ में युवाओं की बढ़ती भागीदारी पर सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का युवाओं के लिए गर्व के साथ अपनी सभ्यता, संस्कृति के अनुगमन का संदेश उन्हें एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।