फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh : संगम में नाव पलटने के बाद बचाए गए एक श्रद्धालु की अस्पताल में मौत, दो का अब तक नहीं लगा सुराग

Thu, 13 Feb 2025 12:38 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, महाकुंभ नगर (प्रयागराज)

सार

संगम में एक दिन पहले डूबे देवर-भाभी का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन, उनका कुछ पता नहीं चल पाया।
विज्ञापन
संगम घाट। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संगम में एक दिन पहले डूबे देवर-भाभी का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन, उनका कुछ पता नहीं चल पाया। उधर, अस्पताल में भर्ती दो लोगों में से एक श्रद्धालु की बुधवार रात मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत भी गंभीर बनी रही।

विज्ञापन


मंगलवार दोपहर 3:00 बजे के करीब संगम में हादसे में नौ लोग नदी में डूबे थे। इनमें से सात को बचा लिया गया था। जबकि, देहरादून के जीएमएस रोड मोहित विहार निवासी ललिता देवी (60) पत्नी बृजलाल प्रसाद व उनके फुफेरे देवर सुरेश चंद्र (65) लापता हो गए थे। बुधवार सुबह जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

तलाश में लगी टीमें अलग-अलग नावों से अरैल और झूंसी के छतनाग तक गईं। लेकिन, कुछ पता नहीं चल पाया। सीओ जल पुलिस रजनीश यादव ने बताया कि संगम से लेकर अरैल और छतनाग तक तलाश की गई। लेकिन, दोनों का कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार को एक बार फिर से नदी में अलग-अलग स्थान पर जाल लगवाकर तलाश की जाएगी।

विज्ञापन

उधर हादसे में बचाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती दो लोगों में से महावीर प्रसाद (65) ने बुधवार रात 8:00 बजे के करीब दम तोड़ दिया। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर संतोष सिंह ने बताया कि फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण वह सांस नहीं ले पा रहे थे। ऐसे में उन्हें बाईपैक विधि से सांस दी जा रही थी। हालांकि तबीयत बिगड़ती चली गई और फिर उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।

रात 8:00 बजे के करीब उनकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचे रिश्तेदार रामगोपाल मित्तल ने बताया कि अस्पताल में भर्ती बृजलाल प्रसाद (65) की भी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक महावीर बृजलाल की बुआ के लड़के थे। उन्होंने बताया कि घरवाले पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते हैं और इस संबंध में पुलिस को लिखकर दे दिया गया है। वह सुबह शव लेकर देहरादून के लिए रवाना होंगे।

करोड़ों के उपकरण, जल में सुरक्षा के दावों पर सवाल

संगम में डूबे दो स्नानार्थियों का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं मिलने पर सुरक्षा संबंधी इंतजाम को लेकर दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। महाकुंभ से पहले करोड़ों के अंडरवाटर ड्रोन, सोनार, लाइफबॉय समेत जो अन्य उपकरण खरीदे गए, वह आखिर काम क्यों नहीं आए। स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए जल पुलिस, पीएसी, एनडीआरफ-एसडीआरएफ के साथ ही देशभर से बुलाए गए डीप डाइवर व सैकड़ों की संख्या में प्राइवेट गोताखोरों को भी स्नान घाटों पर तैनात करने का दावा पुलिस प्रशासन की ओर से किया गया था।

यह भी कहा गया था कि जल में सुरक्षा के लिए मंगाए गए अत्याधुनिक उपकरण नदी में कोई हादसा होने पर त्वरित सहायता पहुंचाने में मददगार साबित होंगे। हालांकि, मंगलवार को हादसे के दौरान यह सारे इंतजाम धरे रह गए।

विज्ञापन

ऐसे था हादसा

देहरादून के छह और बंगलूरू के तीन श्रद्धालु मंगलवार दोपहर स्नान करने अरैल से संगम पर पहुंचे थे। स्नान करने के बाद सभी वापसी के लिए नाव पर चढ़ने लगे और इसी दौरान एक तरफ भार ज्यादा हो जाने के कारण नाव पलट गई। इससे उसमें सवार श्रद्धालु संगम में गिर गए और डूबने लगे। इनमें से बंगलूरू के तीन और देहरादून के चार श्रद्धालुओं को बचा लिया गया। जबकि, दो लापता हो गए थे। लगातार दूसरे दिन भी घंटों तलाश किए जाने के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चल सका।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें