अविस्मरणीय अनुभव, यहां आकर बेहद खुशी हुई : एरिक सोलहेम
नॉर्वे के पूर्व जलवायु एवं पर्यावरण मंत्री एरिक सोलहेम महाकुंभ पहुंचे। उन्होंने इसे अद्वितीय और जीवन में एक बार मिलने वाला अनुभव बताया। उन्होंने इसे न केवल विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन बताया बल्कि भव्य आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मानव इतिहास में इससे बड़ा कोई आयोजन कभी नहीं हुआ, न अमेरिका में, न यूरोप में, न चीन में और न ही विश्व के किसी अन्य कोने में।
नॉर्वे के पूर्व जलवायु एवं पर्यावरण मंत्री एरिक सोलहेम ने कहा कि अब तक 48 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। ये श्रद्धालु यहां देवों का आशीर्वाद लेने, आध्यात्मिक और भावनात्मक यात्रा पर निकलने, मित्रता को प्रगाढ़ करने तथा परिवार के साथ पर्व मनाने के लिए जुटे हैं। यह मेरे लिए जीवन में एक बार होने वाला अनुभव था। उन्होंने कहा कि ये मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव है और मुझे यहां आकर बहुत खुशी हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने माघी पूर्णिमा के मौके पर अपने परिवार के सदस्यों के साथ बुधवार की सुबह संगम में डुबकी लगाई। बुधवार तड़के राजधानी एक्सप्रेस से प्रयागराज जंक्शन पहुंचे सांसद जगदंबिका पाल अरैल स्थित त्रिवेणी संकुल पहुंचे।
त्रिवेणी संकुल से नाव द्वारा पूर्व सीएम जगदंबिका पाल और उनकी पत्नी स्नेहलता पाल, पुत्र अभिषेक पाल , पुत्रवधु स्वाति संगम पहुंचे। वहां सभी ने संगम स्नान किया। पूजन अर्चन करने के बाद अरैल साइड स्थित एक प्रदर्शनी का भी उन्होंने दीदार किया। शाम को भाजपा नेता सुबोध सिंह के भी वह घर पहुंचे। वहां सभी लोग डुमरियागंज के लिए रवाना हो गए।