सीएम योगी ने दशाश्वमेध घाट पर की गंगा आरती।
- फोटो : अमर उजाला।
महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेले के कार्यों पर संतोष जाहिर किया। कहा कि 20 हजार से अधिक संतों और संगठनों सहित अन्य संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन किया गया है। सभी 13 अखाड़ों के साथ दंडीवाडा और आचार्यवाड़ा को भूमि आवंटित की जा चुकी है। प्रयागवाल को भूमि आवंटित करने की कार्रवाई चल रही है। नई संस्थाओं को पांच जनवरी तक हर हाल में जमीन आवंटित कर दी जाएगी। सीएम ने कहा कि इस बार एसडीआरएफ और एनडीआरफ के साथ आपदा मित्र की भी घाटों पर तैनाती की जाएगी। महाकुंभ से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करने के बाद सीएम योगी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सीएम योगी ने कहा कि इस बार महाकुंभ में श्रद्धालुओं को श्री बड़े हनुमान मंदिर कॉरिडोर, अक्षयवट, पातालपुरी, भरद्वाज आश्रम, सरस्वती कूप कॉरिडोर देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही भगवान राम और निषादराज की मिलन स्थली श्रृंगवेरपुरधाम कॉरिडोर भी लोगों को आकर्षित करेगी। द्वादश ज्योतिर्लिंग के साथ, वासुकिनाथ और महत्वपूर्ण दर्शनीय तीर्थस्थलों पर फसाड लाइटिंग और सुंदरीकरण कार्य लगभग पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार संगम आने वाले श्रद्धालुओं को मां गंगा का रिवर फ्रंट देखने को मिलेगा।