सीएम योगी ने बड़े हनुमान जी के किए दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाकुंभ की सफलता के लिए आभार प्रकट करने प्रयागराज स्थित बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने महाबली हनुमान जी के चरणों में शीश नवाया और मंदिर के सभी पुजारियों को प्रणाम किया। मुख्यमंत्री का पूजन मंदिर के महंत एवं श्रीमठ बाघम्बरी पीठाधीश्वर बलवीर गिरि जी महाराज ने संपन्न कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बड़े हनुमान की आरती की। जिसके बाद मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र एवं बड़े हनुमान जी की तस्वीर भेंट की गई।
बलवीर गिरि महाराज ने मुख्यमंत्री को महाकुंभ के ऐतिहासिक और भव्य आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी। मंदिर के पुजारी सूरज पांडेय, महाराज ने बताया कि महाकुंभ की सफलता के लिए संत समाज ने सीएम योगी आदित्यनाथ को आशीर्वाद प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने बड़े हनुमान जी का आशीर्वाद लेते हुए संतों और पुजारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही महाकुंभ के आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी को धन्यवाद दिया।