फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाशिवरात्रि के लिए उमड़ा उल्लास

Wed, 02 Mar 2016 01:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फागुनी बयार के साथ ही देवाधिदेव महादेव के विवाह की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के प्रमुख शिवालयों में महाशिवरात्रि के मद्देनजर उत्सव का उल्लास उमड़ा है। मंदिर व्यवस्था समितियों ने भक्तों की भीड़ को सहूलियत से दर्शन पूजन कराने के लिए तैयारी की है। शिवालयों में साफ-सफाई, रंग रोगन हो चुका है। 7मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर भोलेनाथ का अनूठा शृंगार किया जाएगा। बिजली की रंगबिरंगी रोशनी से शिवालय जगमगाएंगे। धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह शिव बारात निकाली जाएगी। 
विज्ञापन

सरस्वतीघाट स्थित मनकामेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारी पूरी हो चुकी है। पर्व पर मंदिर में आने वाले भक्तोें की भीड़ को दर्शन पूजन कराने के लिए विशेष तैयारी की गई है। मंदिर के व्यवस्थापक स्वामी श्रीधरानंद ब्रह्मचारी के मुताबिक महाशिवरात्रि पर्व पर चारों पहर भोलेनाथ का अलग-अलग  शृंगार किया जाएगा। ब्रह्म बेला में भांग, दोपहर में चंदन, शाम को भस्म, रात में फूलों से मनकामेश्वर महादेव का शृंगार होगा। मंदिर को रंगबिरंगी बिजली की झालरों और फूलों से सजाया जाएगा। दरियाबाद स्थित  तक्षकेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ का शंख, कौड़ियों  से अनूठा शृंगार होगा। पीठाधीश्वर रविशंकर जी के मुताबिक संतों की ओर से ही मंदिर परिसर में प्रसाद एवं हवन सामग्री की व्यवस्था कराई गई है।
मानव कल्याण के लिए महामृत्युंजय जप, रुद्राभिषेक, कालसर्प योग शांति, दस महाविद्या पूजन, हवन, शिव शक्ति सहत्रार्चन के लिए प्रमुख शिवालयों में  विद्वान आचार्यों को आमंत्रित किया गया है। मनकामेश्वर मंदिर केव्यवस्थापक स्वामी श्रीधरानंद ब्रह्मचारी का कहना है  शिवार्चन में मंत्रों का शुद्ध उच्चारण जरूरी है, सो विद्वान पुरोहितों को ही प्राथमिकता दी गई है।
विज्ञापन

त्रिवेणी बांध स्थित आदिशंकर विमान मंडपम मंदिर में पूजन, रुद्राभिषेक को तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। मंदिर के व्यवस्थापक रमणी शास्त्री के मुताबिक मंदिर में रुद्राभिषेक सहित शिवशक्ति सहत्रार्चन के तीन सौ श्रद्धालुओं ने आन लाइन बुकिंग कराई हैं। रमणी शास्त्री के मुताबिक चार पहर होने वाले रुद्राभिषेक सुबह आठ बजे से आरंभ होगा।
सोमवार और महाशिवरात्रि का संयोग पर्व का पुण्य बढ़ा रहा है। ज्योतिर्विद डा. रामनरेश त्रिपाठी का कहना है कि सोमवार की महाशिवरात्रि पर्व पर शिवत्व और सोम तत्व का संगम हो रहा है। कहा, चंद्रमा मन का स्वामी है और शिव के मस्तक पर विराजमान है। शिव कल्याणकारी हैं और संहार के देवता हैं। कुंडली में कमजोर चंद्रमा के कारण नकारात्मक सोच में फंसे लोगों की एकाग्रता बढ़ेगी। मन का भटकाव थमेगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें