गंगापार के झूंसी में होली के बाजार में दुकानों पर बिकता कई रंगों वाला गिलास
होली पर झूंसी का बाजार भी रंगों और पिचकारी से भर गया है। इस बार बाजार में थर्माकोल से बने मैजिक गिलास ने लोगों को खूब आकर्षित किया है। इसे खरीदने के बाद अलग से रंग खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह मैजिक गिलास पानी डालते ही कई तरह के रंग छोड़ने लगेगा। यह मैजिक गिलास लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। झूंसी के जीटी रोड के साथ ही आवास विकास कॉलोनी, न्यायनगर और छतनाग रोड के बाजार इस वक्त रंगों, गुलाल और पिचकारियों से पट गए हैं। होली के बाजार में पिस्टल वाली फ्रैंक पिचकारी और फाउंटेन पिचकारी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
60 से 70 रुपये में बिक रहा मैजिक गिलास
बाजार में पहली बार आए मैजिक गिलास की खासियत यह है कि इसमें जैसे ही सादा पानी डाला जाएगा गिलास रंगीन हो जाता है। इसमें मुख्य रूप से नारंगी, पीले और नीले रंग उपलब्ध हैं। लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि एक ही गिलास का उपयोग कई बार किया जा सकता है। इस रंगीन गिलास के एक बॉक्स में 10 गिलास उपलब्ध हैं जिसकी कीमत 500 से 700 रुपये है। वहीं, फुटकर में एक गिलास का पीस 60 से 70 रुपये में बिक रहा है।
होली के बाजार में पिस्टल पिचकारी की धूम
होली के बाजार में पिस्टल वाली फ्रैंक पिचकारी की भी खूब धूम है। एक फ्रैंक पिचकारी की कीमत 200 रुपये है। इसे चलाते ही पिचकारी के पीछे की ओर से रंगीन पानी निकलकर चलाने वाले के ऊपर गिरता है। वहीं फाउंटेन पिचकारी 350 रुपये में उपलब्ध है। इसमें आगे की ओर 50 से ज्यादा छोटे-छोटे छेद हैं। जब इस पिचकारी में रंगीन पानी भरकर चलाते हैं तो यह फाउंटेन की तरह बौछार करता है। दुकानदार नरेंद्र कुमार बताते हैं कि यह मैजिक गिलास और पिचकारी उन्होंने दिल्ली से मंगवाई है जो ग्राहकों को खूब भा रही है।