भारतीय रेलवे में राजपत्रित अधिकारी बनने का सपना देख रहे हजारों रेलकर्मियों को बड़ा झटका लगा है। बोर्ड ने ग्रुप बी के पदों के लिए होने वाली विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (एलडीसीई) फिर स्थगित कर दी है। यह लगातार दूसरा मौका है, जब परीक्षा की तिथियां आगे बढ़ाई गई हैं।
रेलवे बोर्ड के उप निदेशक (स्थापना) मनदीप कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब 12, 19 अप्रैल को होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) नहीं होगी। मार्च-अप्रैल में वित्तीय वर्ष की समाप्ति (फाइनेंशियल क्लोजिंग) और होली के दौरान स्पेशल ट्रेनों के भारी संचालन के चलते जोनल रेलवे ने परीक्षा टालने की मांग की थी। सभी जोनल रेलवे व प्रोडक्शन यूनिट्स को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी का कहना है कि जल्द नई तिथियों घोषित की जाएगी।