कुएं के पिलर से टकराई मैजिक, 12 श्रद्धालु घायल
हादसे के दौरान कुएं में गिरने से चार महिलाओं की हालत नाजुक
इनहन देवी धाम में पूजा के बाद घर लौट रहे थे
अमर उजाला ब्यूरो
लालगंज। श्रद्धालुओं से भरी मैजिक रोड किनारे स्थित कुएं के पिलर से जा भिड़ी। हादसे में 12 श्रद्धालु घायल हो गए। पिलर से टकराने के दौरान कुएं में गिरीं चार महिलाओं की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। हादसे में घायल सभी श्रद्धालु इनहन देवी धाम से पूजा करने के बाद घर लौट रहे थे।
लालगंज कोतवाली के अमांवा गौघाट सरैंया की महिलाएं व बच्चे गुरुवार को अवसान देवी की पूजा (दुरुदुरैया) के लिए इनहन देवी धाम आए थे। दर्शन पूजन संपन्न होने के बाद दोपहर दो बजे मैजिक पर बैठकर घर जाने के लिए निकले। इनहन देवी धाम से कुछ दूरी पर ही असैनापुर गांव के समीप मोड़ पर श्रद्धालुओं से भरी अनियंत्रित मैजिक सड़क किनारे स्थित कुएं के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक पर पीछे बैठी मालती देवी (40) पत्नी राजाराम, आशा देवी (42) पत्नी मोहनलाल, अनीता देवी (40) पत्नी लखन वर्मा व नगीना देवी (43) पत्नी बचई वर्मा उछलकर कुएं में जा गिरीं। पानी कम होने के चलते चारों की जान बच गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किसी तरह सभी को बाहर निकाला। हादसे में राजकुमारी (28) पत्नी शिवराम, जानकी देवी (44) पत्नी जगन्नाथ, सोनिया (45) पत्नी बाबूलाल, चटकीला (52) पत्नी बुधराम वर्मा, रन्नू देवी (32) पत्नी प्रेमचंद्र, अखिलेश (10), पीयूष (4), प्रियांशु (3) भी घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को लालगंज सीएचसी लाया गया। यहां हालत नाजुक देख कुएं में गिरीं चारों महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य घायल श्रद्धालुओं को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। चालक बरसाती वर्मा भी हादसे में चुटहिल हो गया। अस्पताल में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी होने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
इनसेट---
कुएं में लटकी मैजिक, बच गया बड़ा हादसा
रानीगंज कैथौला। लालगंज इलाके के इनहन गांव स्थित देवी धाम से पूजा के बाद घर लौटते समय असैनापुर के समीप श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा होने से बच गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिलर को तोड़ते हुए मैजिक कुएं में लटक गई। चार महिलाएं उछलकर कुएं में जा गिरीं। अगर मैजिक कुएं में महिलाओं के ऊपर गिर जाती तो दबकर सभी की मौत हो सकती थी। कुएं में लटके वाहन को ग्रामीणों ने किसी तरह पीछे खींचा, जिसके बाद महिलाओं को बाहर निकालने का प्रयास शुरू हुआ। सराय जगत गांव के शुभम सिंह, बच्चा सिंह, रोहित मिश्रा, बृजेश मौर्य आदि ने कुएं में उतरकर चारों महिलाओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उधर कुंए में पानी कम होने से कीचड़ जैसा हो गया था।