अहमदाबाद जेल में बंद अतीक अहमद का बयान दर्ज करने जिला पुलिस की एक टीम फिर गुजरात पहुंची। टीम ने धूमनगंज थाने में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में अतीक का बयान दर्ज किया। साथ ही जमानत खारिज होने पर पांच मुकदमों में बनवाया गया वारंट भी जेल में तामील कराया। टीम शुक्रवार को शहर लौटेगी।
अतीक अहमद के खिलाफ इसी साल धूमनगंज थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें उसके साथ ही चार अन्य लोग आरोपी बनाए गए थे। अतीक के जेल में होने के चलते अब तक इस मामले में कार्रवाई लंबित थी। जिस पर बृहस्पतिवार को विवेचक समेत जिला पुलिस की एक टीम गुजरात पहुंची। इसके बाद अहमदाबाद जेल में बंद अतीक का बयान दर्ज किया गया।
उससे मुकदमे में लगाए गए आरोपों के संबंध में पूछताछ की गई। दो घंटे तक जेल के भीतर ही पूछताछ कर टीम ने अतीक का बयान दर्ज किया। बता दें कि मामले की विवेचना कैंट इंस्पेक्टर नीरज वालिया की ओर से की जा रही है। इस मुकदमे केअंतर्गत ही 14(1) की कार्रवाई के तहत पिछले दिनों अतीक की करोड़ों की संपत्तियां कुर्क की गईं। साथ ही उसके 1 बैंक खाते भी सीज किए गए।
पांच मामलों में निरस्त हुई है जमानत
अहमदाबाद जेल में बंद अतीक का बयान दर्ज करने केसाथ ही जिला पुलिस की टीम ने जमानत निरस्त होने वाले मामलों का वारंट भी तामील कराया। सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में अतीक के पांच मुकदमों में जमानत निरस्त कराई गई है। पुलिस ने इसके लिए हाईकोर्ट में अर्जी दी थी। इन पांच मुकदमों में वारंट बनवाकर इसे गुजरात गई टीम ने अहमदाबाद जेल प्रशासन को तामील भी कराया।
खुद पर लगे हर आरोप नकारता रहा माफिया
सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीम की पूछताछ के दौरान भी अतीक बेखौफ होकर जवाब देता रहा। वह खुद पर लगे हर आरोपों को नकारता रहा। विवेचक के ज्यादातर सवाल पर उसका यही कहना था कि वादी मुकदमा की ओर से जो भी आरोप लगाए गए हैं, वह पूरी तरह गलत हैं।