एलटी ग्रेड के रिजल्ट ने चौंकाया
1045 में से केवल 84 का चयन
यूपीपीएससी ने जारी किया विज्ञान विषय का परिणाम, नहीं मिले योग्य अभ्यर्थी
पिछले साल 29 जुलाई को हुई थी परीक्षा, 15436 अभ्यर्थी हुए थे शामिल
महिला शाखा में केवल चार चयन, पुरुष शाखा में 80 अभ्यर्थी हुए चयनित
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से मंगलवार को जारी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के परिणाम चौंकाने वाले थे। विज्ञान विषय में कुल पदों के मुकाबले महज आठ फीसदी पदों के लिए ही योग्य अभ्यर्थी मिले। कुल 1045 पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षा में केवल 84 ही अंतिम रूप से चयनित घोषित किए गए। बाकी न्यूनतम अर्हता अंक भी प्राप्त नहीं कर सके और चयन से वंचित रह गए। विज्ञान विषय के साथ ही आयोग ने अब कुल नौ विषयों के रिजल्ट जारी कर दिए हैं और छह विषयों का परिणाम अभी आना बाकी है।
एलटी ग्रेड शिक्षकों के 10768 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा पिछले साल 29 जुलाई को आयोजित की गई थी। पेपर 150 अंकों का था और केवल इसी परीक्षा के आधार पर अंतिम चयन होना था। विज्ञान विषय में शिक्षकों के 1045 पदों पर भर्ती होनी थी, जिनमें पुरुषों के 571 और महिलाओं के 474 पद शामिल थे। पुरुष वर्ग की परीक्षा में 11284 और महिला वर्ग की परीक्षा में 4152 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। आयोग की ओर से मंगलवार को जारी परिणाम के अनुसार महिला वर्ग में केवल चार पदों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है और 470 पद खाली रह गए हैं। वहीं, पुरुष वर्ग में केवल 80 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं और 491 पर रिक्त रह गए हैं।
आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार परीक्षा में न्यूनतम अर्हता अंक की अनिवार्यता थी। 84 को छोड़ बाकी कोई अभ्यर्थी न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं कर सका और योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण आयोग को 961 पद रिक्त छोड़ने पड़े। इन पद को अग्रेनित कर दिया गया है, ताकि रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पुनर्विज्ञापन जारी किया जा सके। सचिव ने बताया कि परिणाम पूरी तरह से औपबंधिक है। अभ्यर्थियों को अभिलेखों का सत्यापन करना होगा। इसके लिए बाद में सूचना जारी की जाएगी। सत्यापन न कराने पर अभ्यर्थन निरस्त किया जाएगा।
विनीत और गरिमा रहे टॉपर
- एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत विज्ञान विषय के अंतिम चयन परिणाम में पुरुष शाखा में विनीत कुमार और महिला शाखा में गरिमा सिंह ने मेरिट में शीर्ष स्थान हासिल किया। महिला शाखा में अंतिम चयन परिणाम की मेरिट में अंजलि कंसल, साक्षी एवं क्रति त्रिवेदी को क्रमश: दूसरा, तीसरा एवं चौथा स्थान मिला। वहीं, पुरुष शाखा में वरुण कुमार का चयन दूसरी रैंक और हरिओम का चयन तीसरी रैंक के साथ हुआ।
हाईकोर्ट के निर्णय के अधीन रहेगा परिणाम
- विज्ञान विषय में एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती को लेकर उच्च न्यायालय में कई याचिकाएं दाखिल हैं। आयोग के सचिव के अनुसार विज्ञान विषय का परिणाम न्यायालय में योजित याचिका विजय नाथ व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। साथ ही अन्य मामलों में अलग से याचिका दाखिल करने वाले अभ्यर्थियों का परिणाम भी न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
जल्द जारी होगा कटऑफ
- आयोग के सचिव के अनुसार परीक्षा परिणाम से संबंधित प्राप्तांक और श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंक आयोग की वेबसाइट पर जल्द प्रदर्शित किए जाएंगे। इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे और न ही उन पर कोई विचार किया जाएगा।
परिणाम ने पेपर लीक मामले पर उठाए सवाल
- एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत विज्ञान के रिजल्ट ने पेपर लीक मामले पर सवालिया निशान लगा दिया है। अभ्यर्थियों के बीच यही चर्चा है कि अगर पेपर लीक हुआ होता तो क्यों 92 फीसदी पद खाली रह जाते। आयोग की ओर से अब तक नौ विषयों में 2858 पदों का रिजल्ट जारी किया जा चुका है। अन्य आठ विषयों में भी कुछ विषय ऐसे हैं, जिनमें योग्य अभ्यर्थी न मिल पाने के कारण पद खाली रह गए, लेकिन विज्ञान विषय के परिणाम ने सभी को चौंका दिया। प्रतियोगियों के बीच अब यही चर्चा हो रही है कि पेपर लीक प्रकरण को कहीं हवा तो नहीं दी गई। अगर एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होता तो सभी पदों पर किसी न किसी का चयन हो जाता।
राजकीय स्कूलों में बना रहेगा विज्ञान के शिक्षकों का टोटा
- एलटी ग्रेड शिक्षकों की भर्ती राजकीय इंटर कॉलेजों में होनी है। स्कूलों में विज्ञान, गणित और अंग्रेजी के शिक्षकों का टोटा है। शिक्षकों की कम संख्या के कारण अध्ययन कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे में विज्ञान शिक्षकों के 92 फीसदी पद रिक्त रह जाने से समस्या और बढ़ने जा रही है। भविष्य में कई शिक्षक रिटायर होने जा रहे हैं। रिक्त पदों की संख्या में इजाफा होगा। हालांकि, आयोग रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पदों को अग्रेनीत कर रहा है, लेकिन पुनर्विज्ञापन जारी करने और परीक्षा कराने में काफी वक्त लगेगा और मौजूदा सत्र में विज्ञान के शिक्षकों का टोटा बना रहेगा।
सत्यापन में 95 फीसदी से अधिक उपस्थिति
- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में मंगलवार से एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के चयनितों के अभिलेखों की सत्यापन प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इस दौरान 95 फीसदी से अधिक अभ्यर्थी उपस्थित रहे। मंगलवार को सत्यापन के लिए संगीत पुरुष शाखा, कृषि पुरुष शाखा, वाणिज्य पुरुष एवं महिला शाखा के अभ्यर्थियों को सत्यापन के बुलाया गया था। बुधवार को संगीत महिला शाखा, उर्दू पुरुष शाखा के अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा।