आज बांह पर काली पट्टी बांधकर दर्ज कराएंगे विरोध
छात्रों की मांग, आयोग अध्यक्ष सामने आकर दें जवाब
प्रयागराज। हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट जारी किए जाने की मांग को लेकर एलटी ग्रेड अभ्यर्थी रविवार के साप्ताहिक अवकाश् पर भी उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के सामने धरने पर बैठे रहे। अभ्यर्थियों ने आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निर्णय लिया कि सोमवार को बांह पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
प्रतियोगी छात्र एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट जारी किए जाने की मांग को लेकर आठ दिनों से आयोग के सामने क्रमिक अनशन और धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि अब केस डायरी को लेकर भी कोई असमंजस नहीं रह गया है। ऐसे में आयोग लंबित परिणाम तत्काल जारी करे। अभ्यर्थियों ने कहा कि सोमवार को आयोग के अध्यक्ष से मिलने के लिए समय मांग जाएगा, ताकि उनसे वार्ता की जा सके। आयोग की ओर से स्थिति स्पष्ट न किए जाने से अभ्यर्थी उहापोह की स्थिति में हैं और उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। ऐसे में अभ्यर्थी चाहते हैं कि आयोग के अध्यक्ष खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट करें।
एलटी समर्थक मोर्चा के प्रतिनिधि अनिल उपाध्याय ने दावा किया कि एसटीएफ की विवेचना और केस डायरी में अभियोजित गतिण विषय से संबंधित एक छात्र का नाम भी है और वह छात्र परीक्षा में फेल है। ऐसे में आयोग को गणित विषय को आधार बनाकर हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय का रिजल्ट भी जारी कर देना चाहिए। क्रमिक अनशन में शेर सिंह, कुलदीप यादव, मनोज वर्मा, अपर्णा पांडेय समेत अन्य प्रतियोगी छात्रों ने भी अपन बात रखी। धरने के बाद रात में डेलीगेसियों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
रोजगार के मुद्दे पर तीसरे दिन जारी रहा धरना
प्रयागराज। रोजगार के मुद्दे पर युव मंच के बैनर तले प्रतियोगी छात्रों का धरना लगातार तीसरे दिन रविवार को बालसन चौराहे पर जारी रहा। अभ्यर्थियों की मांग है कि टीजीटी-पीजीटी के 40 हजार रिक्त पदों समेत प्राथमिक, जूनियर हाईस्कूल और महाविद्यालयों एवं अन्य सरकार विभागों में खाली पदों पर चयन प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। धरने में युवा मंच के संयोजक राजेश सचान, अध्यक्ष अनिल सिंह, मायाशंकर यादव, अशोक महादेव, गिरीश कुमार, महेंद्र पटेल, मृत्युंजय सिंह, कैलाश सिंह, उमापति यादव, आशीष गुप्ता आदि शामिल रहे।