15 दिन में पूरी करें एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती की जांच
मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने वाराणसी के एसएसपी से की बात
जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों को सीएम से मिलवाने का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने शनिवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। अभ्यर्थी परीक्षा का रिजल्ट तत्काल जारी करने की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा भी जाहिर की, जिस पर मंत्री ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात करवाएंगे।
छात्र मांग कर रहे थे कि एसटीएफ अपनी जांच जल्द पूरी करे ताकि परीक्षा का परिणाम घोषित हो सके। छात्रों की इस मांग पर मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने तुरंत फोन पर वाराणसी के एसएसपी आनंद कुलकर्णी से बात की ओर 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर प्रदेश सरकार के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। मंत्री ने छात्रों को यह आश्वासन भी दिया कि जांच जल्द पूरी करवाने के लिए वह खुद डीजीपी और अपर मुख्य सचिव से बात करेंगे।
मंत्री से मिलने के बाद छात्रों ने कहा कि एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का परिणाम आने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। परीक्षा के आयोजन को का एक साल बीत चुके हैं और लाखें अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। मंत्री से मिलने वालों में एलटी ग्रेड समर्थक मोर्चा के संयोजक विक्की खान, अध्यक्ष शेर सिंह, मोर्चा प्रतिनिधि अनिल उपाध्याय समेत अपर्णा पांडेय, कुसुम यादव, अनुज्ञा द्विवेदी, नीलू, नूर बेगम, प्रतीक सिंह, मनोज वर्मा, रोहित सिंह, कुलदीप यादव, संजय मौर्या, रत्नेश शुक्ला, सुशील कुमार, प्रतीक सिंह आदि शामिल रहे।