पीसीएस-2013 का अंतिम परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित होने की संभावना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में तैयारी बुधवार को पूरी कर ली गई। खास यह कि यदि ऐसा होता है तो साक्षात्कार के तीन दिन बाद ही आयोग की ओर से परिणाम घोषित कर दिया जाएगा लेकिन अभ्यर्थियों को अभी लोअर सबऑर्डिनेट-2013 मुख्य परीक्षा और समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी-2013 (आरओ-एआरओ) के फाइनल रिजल्ट के लिए लंबा इंतजार करना होगा।
पीसीएस-2013 का अभी सोमवार को साक्षात्कार खत्म हुआ है।
पीसीएस 2014 की मुख्य परीक्षा भी हो चुकी है तो 2015 की प्रारंभिक परीक्षा 29 मार्च को होगी। ऐसे में जिस तरह से परीक्षाएं हो रही हैं उसे देखते हुए यदि कोई बड़ी अड़चन नहीं आई तो पीसीएस-2014 और 2015 के पदों की भर्ती प्रक्रिया भी इसी साल पूरी हो जाएगी। इसके विपरीत लोअर सबऑर्डिनेट और आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा को लेकर आयोग की यह सक्रियता नहीं दिख रही। तीन साल बाद आरओ-एआरओ-2013 के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। इसके लिए प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के बाद टाइपिंग टेस्ट भी हो चुका है लेकिन अभी तक रिजल्ट नहीं घोषित हो सका है। यही स्थिति चार साल के अंतराल पर शुरू हुई लोअर-सबऑर्डिनेट-2013 भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी है। इसकी मुख्य परीक्षा दिसंबर में ही हो चुकी है लेकिन अभी तक रिजल्ट घोषित नहीं हुआ है। खास यह कि लगातार परीक्षाओं को देखते हुए यह कहा जा रहा है कि दोनों परीक्षाओं के रिजल्ट अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई में घोषित हो पाएंगे।