होली को खास बनाएंगे मुखौटे और सिलिकॉन से बने घुंघराले बाल
होली के त्योहार के मद्देनजर शहर के चौक सहित कई इलाकों में सजे बाजार में रंग-गुलाल और पिचकारियों के साथ ही करीब 10 तरह के मुखौटे और सिलिकॉन से बने बाल भी खूब नज़र आ रहे हैं। इसके साथ ही अलग -अलग रंगों की टोपी और बड़े आकार के चश्मों की भी डिमांड खूब हो रही है। दुकानों में बच्चों के पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर और जानवरों के चेहरे की झलक दिखाते कई मुखौटे हैं। कुछ मुखौटे विग के साथ हैं और कुछ मुखौटे बिना विग के हैं। इसके अलावा सिर्फ बालों की विग के तौर भी अलग से खरीददारी की जा सकती है।
चौक के दुकानदार राहुल सोनकर और कामरान जफर ने बताया कि मुखौटे प्लास्टिक या लेटेक्स से बने हैं। इनमें स्पाइडरमैन, डोरेमोन और कृष के साथ ही शेर, भालू, बंदर, खरगोश, आदि मानव और भूत की आकृति तक के मुखौटे हैं। दुकानकार मुखौटों की कीमत 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक बता रहे हैं।
दुकानदारों ने कहा कि सिलिकॉन से बले बालों के विग भी अलग-अलग तरह के हैं। कुछ विग कई रंगों में हैं और कुछ पूरी तरह से काले हैं। इसके अलावा मलिंगा, मुर्गा और कर्ली स्टाइल के बालों के विग भी उपलब्ध हैं और युवा इनकी खूब डिमांड भी कर रहे है। इनकी कीमत 100 रुपये से 250 रुपये तक बताया जा रहा है। इसी तरह टोपी और चश्मे भी कई कीमत में उपलब्ध हैं। गौरतलब है कि कई बच्चे और युवा होली में रंग खेलने के दौरान इन मुखौटों और विग का खूब इस्तेमाल करते हैं। साथ ही बालों और आंखों को रंगों से बचाने के साथ ही अलग दिखने के लिए कई लोग टोपी और चश्मा भी पहनते हैं।