मुंडेरा मंडी में ईवीएम की सुरक्षा में लगे पैरामिल्ट्री फोर्स के जवान।
- फोटो : अमर उजाला।
मतगणना के लिए भाजपा लगाएगी टेबलवाइज 162 अभिकर्ता
भाजपा ने मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है। इस बार चक्रवार मतगणना के लिए विधानसभावार 162 अभिकर्ता लगाए जाएंगे। इसके लिए अभिकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर ली गई है। मतगणना स्थल पर पार्टी की ओर से भव्य शिविर भी लगाया जाएगा। इलाहाबाद, फूलपुर और भदोही सीट की दो विधानसभा सीटों प्रतापपुर और हंडिया की मतों की गिनती चार जून को मुंडेरामंडी स्थित मतगणना स्थल पर होगी। इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। भाजपा ने इसके लिए अनुभवी मतगणना अभिकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की है।
पार्टी की ओर से मंडलवार अनुभवी नेताओं को इसमें लगाया गया है। कुल 12 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए टेबल बनाए गए हैं। एक विधानसभा की गणना के लिए 14 टेबल होंगे। इस प्रकार भाजपा ने प्रत्येक विधानसभा मेंं 14-14 अभिकर्ताओं को लगाया है। इस तरह कुल 162 अभिकर्ता लगाए गए हैं। पार्टी की ओर से मतगणना की तैयारियों की समीक्षा के दौरान हर पहलू की जानकारी ली गई। मतगणना स्थल पर पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए शिविर लगाया जाएगा।
भाजपा में भितरघातियों पर रिपोर्ट तलब
भाजपा ने चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों का विरोध करने और भितरघात करने वाले नेताओं के बारे में रिपोर्ट मांगी है। इसके लिए बूथ अध्यक्षों, पन्ना प्रमुखों के अलावा मंडल अध्यक्षों से रिपोर्ट मांगी गई है। इस आधार पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त कार्यकर्ताओं, नेताओं को सूचीबद्ध करेगा। इसमें पार्टी विरोधी मुहिम चलाने की कुछ नेताओं की शीर्ष नेतृत्व से भी शिकायत की गई है।