पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मणपुर में जुटे ग्रामीण।
- फोटो : PRATAPGARH
आवारा मवेशियों को पीएचसी व विद्यालय में किया बंद
मवेशियों को गौशाला में भेजने पर माने आक्रोशित ग्रामीण
सगरा सुंदरपुर(ब्यूरो)। फसलों को बर्बाद कर रहे सैकड़ों आवारा मवेशियों को ग्रामीणों ने पीएचसी व प्राथमिक विद्यालय परिसर में खदेडक़र बंद कर हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पर अफसरों के होश उड़ गए। आवारा मवेशियों को गौशाला ले जाने की बात नाराज ग्रामीण गेट का ताला खोलने को तैयार हुए।
लालगंज तहसील क्षेत्र के लक्ष्मणपुर इलाके में आवारा पशुओं ने ग्रामीणों की नाक में दम कर रखा है। सैकड़ों की संख्या में घूम रहे मवेशी आए दिन उनकी फसलों को बर्बाद करते हैं। इडधर धान की रोपाई शुरू हुई तो आवारा मवेशियों के झुंड खेतों में धावा बोलकर किसानों की मेहनत से लगाई गई फसल चरने लगे। किसानों ने आवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए अफसरों से फरियाद लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। इससे ग्रामीणों का आक्रोश पनप उठा। रविवार की सुबह लक्ष्मणपुर इलाके के ग्रामीण लाठी डंडा लेकर फसलों को बर्बाद कर रहे आवारा मवेशियों को चारों तरफ से घेर लिया। ग्रामीणों ने मवेशियों को खदेडक़र लक्ष्मणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक विद्यालय के परिसर में लाना शुरू कर दिया। घंटे भर में ही ग्रामीणों ने लगभग दो सौ आवारा मवेशियों को यहां ले आए और पीएचसी व स्कूल के गेट में ताला जड़ दिया। आक्रोशित ग्रामीण गेट पर ताला जड़ते हुए नारेबाजी करने लगे। अस्पताल व विद्यालय में मवेशियों को बंद करने की जानकारी पर अफसरों के हाथ पांव फूल गए। दो घंटे बाद नायब तहसील बृज मोहन शुक्ल राजस्व कर्मियों को लेकर पहुंचे और मवेशियों को अस्पताल व स्कूल परिसर से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। लेकिन ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए। ग्रामीणों को मांग थी कि आवारा मवेशियों को गौशाला पहुंचाया जाए। काफी देर प्रयास के बाद आक्रोशित ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए तो नायब तहसीलदार ने कुछ वाहन मंगवाए और मवेशियों को साहबगंज स्थित गौशाला में ले जाने का निर्णय लिया। इस पर ग्रामीणों को आक्रोश ठंडा हुआ और वे गेट का ताला खोलने को तैयार हुए। एनटी ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर मवेशियों को गौशाला में पहुंचाया जा रहा है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मणपुर परिसर में ग्रामीणों द्वारा बंद किये गये मवेशी।- फोटो : PRATAPGARH