शराब की लाइसेंसी दुकान पर फर्जी क्यूआर कोड से शराब बेची जा रही थी। आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारने के बाद इसका खुलासा किया। इस मामले में आबकारी विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार व सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। टीम ने सेल्समैन को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया।
रानीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम आबकारी विभाग के उपायुक्त अजय कुमार सिंह ने लाइसेंसी दुकानों पर बिकने वाली शराब चेक की। इस दौरान कस्बा स्थित लाइसेंसी शराब की दुकान में फर्जी क्यूआर कोड की 24 बोतल शराब बरामद हुई। जिसके बारे में सेल्समैन कुुछ भी न बता सका। आबकारी विभाग की टीम की कार्रवाई के चलते हड़कंप मच गया।
आसपास की शराब की दुकानें बंदकर सेल्समैन भाग निकले। फर्जी क्यूओर कोड की शराब मिलने पर आबकारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल ने अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन गंगाधर पटेल निवासी भवानीगंज रानीगंज को गिरफ्तार कर लिया। ठेकेदार गुलाब सिंह निवासी कोठरा खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार को रानीगंज पुलिस ने गंगाधर को जेल भेज दिया।