नैनी के आठ लेन सड़क पर टोल प्लाजा के नीचे बाइक रेलिंग में टकराने पर जान गंवाने वाले युवक शुभम की फा
- फोटो : NAINI
नैनी(संवाद)। घर से दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की बुधवार शाम नये पुल पर स्थित टोल प्लाजा के सामने आठ लेन सडक़ पर सेल्फी लेते समय बाइक रेलिंग से टकरा गई। जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को लाद फांदकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां एक की मौत हो गई। दो लडक़ों का अभी इलाज चल रहा है। पता चलने पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम न कराने की गुजारिश की। लिखित तहरीर देने के बाद पुलिस ने पंचायतनामा करके शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।
क्षेत्र के चकदाउद नगर सब्जी निवासी घनश्याम प्रसाद का 17 वर्षीय बेटा शुभम 11वीं का छात्र था। बुधवार को वह अपने दो दोस्तों शुभम व अर्जुन निवासी अशोक टाकिज चौराहे के समीप, नैनी के साथ दो बाइक से क्रिसमस का त्यौहार मनाने के लिए निकला था। वह तीनों लेप्रोशी मिशन चौराहे से अरैल बांध रोड की ओर जाने वाले आठ लेन सड़क से अरैल की तरफ जा रहे थे। नये पुल पर बने टोल प्लाजा के नीचे मोबाइल से सेल्फी लेने के फेर में उनकी बाइक आपस में टकराने के बाद सडक़ के डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तब तक घरवाले भी पहुंच गए। सभी लोग तीनों को लाद फांदकर नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां शुभम कुमार पुत्र घनश्याम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तो परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने की गुजारिश की। परिजनों ने बताया कि दो भाइयों में छोटा था। एक बहन है। पिता प्राइवेट वाहन चालक हैं। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा है।