हत्या करने वाले बदमाशों की फोटो सीसीटीवी में कैद।
- फोटो : अमर उजाला।
हंडिया में बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े एलआईसी एजेंट व मेडिकल स्टोर संचालक अब्दुल कलाम आजाद (45) को बैट व स्टंप से पीट-पीट कर मरणासन्न कर दिया। सोमवार दोपहर धनंजैया नहर पुलिया के पास हुई घटना के बाद पीड़ित को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। देर रात तक उनसे पूछताछ की जाती रही।
अब्दुल कलाम हंडिया थाना क्षेत्र के धोबहा गांव के रहने वाले थे। भाई आलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार को वह किसी काम से हंडिया कस्बे गए थे। दोपहर करीब दो बजे के आसपास वह बाइक से घर लौट रहे थे। तभी धनंजैया नहर पुलिया के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उन पर हमला बोल दिया।
हमलावर बैट व स्टंप लिए हुए थे और इससे ही उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल होकर वह मौके पर ही गिर पड़े और लहूलुहान हो गए। इसके बाद हमलावर भाग निकले। मृतक के भाई ने बताया कि उनके भाई की किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी। हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
कुछ देर बाद उधर से गुजरे राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया और फिर एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान एसआरएन में उन्होंने दम तोड़ दिया।
आसपास के क्षेत्र से जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बैट व स्टंप लेकर बाइक से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हमले की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। जांच पड़ताल की जा रही है। - कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी गंगानगर