भीषण गर्मी व बढ़ते पारे के बीच शरीर को तरावट पहुंचाने वाला नींबू अब आम आदमी की पहुंच से दूर हो गया है। 10 दिनों में इसकी कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। जो नींबू कुछ दिन पहले तक 140 रुपये प्रति किलो मिल रहा था, उसकी कीमत अब 280 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
लालगोपालगंज में नींबू का दाम 35 से बढ़कर 70 रुपये पाव तक पहुंच गया है। फुटकर बाजार में स्थिति और भी खराब है। यदि ग्राहक एक नींबू लेना चाहे तो उसे 10 रुपये और तीन नींबू के 20 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
सब्जी व्यापारी सुहैल अहमद, राजा, बैजनाथ पटेल, सैय्यूम, रवि मौर्य ने बताया कि तापमान में बढ़ोतरी से नींबू की मांग में जबरदस्त इजाफा हुआ है। मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने से दाम बढ़े हैं। दूसरी ओर ग्राहकों का कहना है कि ऊंची कीमत चुकाने के बावजूद छोटे और कम रसीले नींबू बाजार में उपलब्ध नहीं है। उपभोक्ताओं के अनुसार इस समय मिल रहा नींबू निम्न गुणवत्ता का है, जिसमें रस की मात्रा भी काफी कम है।