बहरिया में बूथ निरीक्षण करते अधिकारी
- फोटो : Samvad
विधान परिषद चुनाव के लिए ब्लॉक परिसर स्थित मतदान केंद्र पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान के लिए केंद्र पर तीन बूथ बनाए गए हैं। शुक्रवार को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। जिले भर में 29,111 मतदाता मतदान करेंगे। मांडा में चुनाव जोनल मजिस्ट्रेट राजेश प्रजापति ने बताया कि मतदाता सूची में दर्ज 2310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक बूथ पर 12 कर्मियों की तैनाती की गई है। करछना में 14 बूथ बनाए गए हैं। एसडीएम संदीप तिवारी ने 186 दोहरे मतदाताओं को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम कोरांव ठाकुर प्रसाद ने बताया कि कोरांव में कुल आठ मतदान केंद्रों पर 6703 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शंकरगढ़ ब्लॉक परिसर में तीन बूथ बनाए गए हैं। तहसीलदार बारा अनिल कुमार पाठक ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इन बूथों पर लगभग 2,800 मतदाता 16 प्रत्याशियों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बहरिया में भाजपा-सपा में मुख्य मुकाबला
ब्लॉक में 6 बूथों पर लगभग 8500 स्नातक मतदाता वोट डालेंगे। भाजपा के अशोक कुमार राठौर और सपा के मानसिंह यादव के बीच मुख्य मुकाबला है। एक निर्दलीय प्रत्याशी मानसिंह के मैदान में होने से चुनाव रोचक हो गया है। सहायक विकास अधिकारी अनिल कुमार पाल ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांचीं।
मेजा में 8612 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
मेजा तहसील के 8612 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 6533 पुरुष और 2079 महिला मतदाता शामिल हैं और मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मेजा तहसील में चार मतदान स्थलों पर कुल नौ पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। ये मतदान स्थल मेजा, उरुवा, मांडा ब्लॉक और सिरसा नगर पंचायत कार्यालय में हैं। मेजा, उरुवा और सिरसा में दो-दो जबकि मांडा में तीन पोलिंग बूथ हैं। भाजपा से अशोक राठौर और सपा से मानसिंह यादव चुनाव मैदान में हैं। बृहस्पतिवार को भी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मतदाताओं से वोट मांगे। एसीपी मेजा बृजेश पाठक ने कहा कि पोलिंग बूथों पर स्थानीय पुलिस बल तैनात है और किसी भी गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।