उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (बालक/बालिका) भर्ती-2022 का अंतिम परिणाम जारी किया है। 18 विषयों के 624 प्रवक्ता पदों के लिए लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के बाद चयनितों की सूची जारी की गई।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में प्रवक्ता भर्ती-2022 की पूरी प्रक्रिया शुचिता के साथ संपन्न कराई गई।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रवक्ता भर्ती की लिखित परीक्षा नौ और 10 मई को आयोजित की गई थी। सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15 से 27 जून तक हुआ। इसके बाद रिजल्ट जारी किया गया। अभ्यर्थियों का विषय व श्रेणीवार विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
प्राप्तांकों से जुड़ी जानकारी आरटीआई से नहीं मिलेगी
अभ्यर्थी कटऑफ एवं चयन संबंधी विस्तृत जानकारी वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर देख सकेंगे। विवरण एक सप्ताह तक यह वेबसाइट पर मौजूद रहेगा। इसके अतिरिक्त प्राप्तांकों से संबंधित कोई भी सूचना सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अंतर्गत उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली के अनुसार अभ्यर्थियों की ओर से साक्षात्कार पत्र डाउनलोड करते समय ऑनलाइन भरे गए संस्थाओं के घोषित चयन पैनल के आधार संस्था आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी।