Lecturer interview to be held on 6 March
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ शैक्षणिक सेवा (प्रवक्ता संवर्ग) के तहत तीन विषयों में प्रवक्ता के पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार छह मार्च को सुबह 10 बजे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में आयोजित किया जाएगा।
आयोग के उप सचिव ओम प्रकाश मिश्र के अनुसार प्रवक्ता रसायन विज्ञान, प्रवक्ता फारसी एवं प्रवक्ता तर्कशास्त्र के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू होना है। अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक/रजिस्ट्रेशन संख्या आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने साक्षात्कार ज्ञाप, आवेदन पत्र, देशनापत्रक, अंकतालिका एवं प्रमाणीकरण प्रपत्र डाउनलोड कर मुद्रित करेंगे और उन्हें भरकर आवश्यक अभिलेखों के साथ इंटरव्यू में उपस्थित होंगे।
साठ में 37 अभ्यर्थियों ने छोड़ा एआरओ टाइप टेस्ट
प्रयागराज। अर्हता के विवाद में फंसी समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा-2017 के तहत एआरओ पद के लिए 60 नए अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर टाइप टेस्ट शनिवार को शंभूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, झलवा में सुबह 10 से 11.30 बजे तक आयोजित किया गया। हालांकि टाइप टेस्ट में केवल 37 अभ्यर्थी ही उपस्थित रहे और 23 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। आयोग ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में योजित रिट याचिका श्वेता सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य और सूर्य नारायण पांडेय बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित आदेश के अनुपालन में 60 नए अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर टाइप टेस्ट दोबारा कराया।
आयोग ने घोषित किया दो पदों का परिणाम
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शनिवार को दो पदों पर सीधी भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। आयोगक के उप सचिव विनोद कुमार सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश सचिवालय विधायी विभाग सेवा के तहत विधीक्षण अधिकारी के एक अनारक्षित पद पर पल्लवी वर्मा और समाज कल्याण विभाग के तहत जनजाति निदेशालय (मुख्यालय) के लिए जनजाति अधिकारी के एक अनारक्षित पद पर अपूर्वा शुक्ला को अंतिम रूप से चयनित घोषित किया।