त्रिवेणीपुरम कॉलोनी के यमुना सेक्टर में किराए के मकान में रह रहे अधिवक्ता अजय साहू (27) का शुक्रवार की रात फंदे से लटकता शव मिला। कमरे से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि नौ साल के प्यार को ठुकराए जाने पर वह आत्मघाती उठाने को मजबूर हैं।
हंडिया के कुकुडहा गांव निवासी भगेलू साहू के पांच बेटों में सबसे छोटे अजय तकरीबन चार साल से बृजेंद्र कुमार राय के मकान की दूसरी मंजिल पर रहते थे।
एसओ उपेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, शुक्रवार की रात तकरीबन साढ़े आठ बजे बृजेंद्र ने अजय को कई दफे फोन किया लेकिन उठा नहीं। इस पर वो अजय के कमरे में पहुंच गए। कमरे का दरवाजा खुला था। वह भीतर घुसे तो अजय को फांसी पर लटका देख सन्न रह गए।
उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। सूचना पर उपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौत की सूचना पर परिजन रात में रोते-बिलखते पहुंचे। उनके अन्य भाई संतोष, अशोक, संजय और विनोद साहू हैं। अजय की मौत से मां शकुंतला देवी बेसुध पड़ी रहीं।