ई-कोर्ट प्रोजेक्ट का विस्तार करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार से पहली ई- डिविजन बेंच का शुभारंभ कर दिया है। गत वर्ष हाईकोर्ट में पहली ई-कोर्ट की शुरूआत एकल न्यायपीठ से हुई थी, जिसे विस्तार देते हुए अब खंडपीठ (दो जजों की पीठ) की शुरूआत की गई है। ई-डिविजन बेंच का उद्घाटन हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति दिलीप गुप्ता और न्यायमूर्ति जयंत बनर्जी ने किया। जस्टिस दिलीप गुप्ता ई-कमेटी हाईकोर्ट के चेयरमैन भी हैं। ई-डिविजन बेंच में पहले दिन 12 फ्रेश और 40 लिस्टेड मुकदमों की सुनवाई हुई।
बता दें कि हाईकोर्ट में अगस्त 2017 में पहली ई कोर्ट की शुरूआत की गई थी। इसके तहत मुकदमों की फाइलिंग पूरी तरह से पेपर लेस होती है। मुकदमों के दाखिले से लेकर सुनवाई तक काम कंप्यूटराइज्ड प्रक्रिया से किया जाता है। वकील भी फाइल की जगह लैपटॉप या टैबलेट का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि अभी वकीलों को फाइल लेकर भी मुकदमा बहस करने की छूट दी गई है। ई-फाइलिंग के लिए हाईकोर्ट में अलग से सेंटर बनाया गया है। अगस्त 2018 तक हाईकोर्ट मुकदमों को वकीलों तथा वादकारियों के लिए इंटरनेट पर उपलब्ध करा देगा।