फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हॉस्टल खोलने की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, कई छात्र हुए घायल

Tue, 12 Jan 2021 10:08 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ऑफलाइन कक्षाओं के संचालन और हॉस्टल खोले जाने की मांग को लेकर अड़े छात्रों पर मंगलवार को पुलिस और इविवि के सुरक्षा कर्मियों ने लाठियां चला दीं। इसमें कुछ छात्र घायल भी हो गए। यह घटना कुलपति कार्यालय के घेराव के दौरान हुई। हालांकि इविवि प्रशासन लाठीचार्ज की घटना से इनकार कर रहा है।
विज्ञापन


इविवि प्रशासन ने 15 मार्च से विषम सेमेस्टर और 15 अप्रैल से स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है। परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। ऐसे में छात्र मांग कर रहे हैं कि परीक्षाओं की तैयारी के लिए हॉस्टल खोले जाएं और ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाए। 

साथ ही पुस्तकालय में भी सभी छात्रों का प्रवेश दिया जाए। लेकिन, कोविड के कारण इविवि प्रशासन इनमें से किसी भी मांग पर फिलहाल राजी नहीं है। यहां तक कि इविवि प्रशासन ने हॉस्टल में बिना अनुमति रह रहे छात्रों पर फीस का पांच गुना जुर्माना लगा दिया है। मंगलवार दोपहर 12 बजे मांगों को लेकर इंकलाबी छात्र मोर्चा के बैनर तले तमाम छात्र कुलपति कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
विज्ञापन


छात्रों का कहना था कि उनकी मुलाकात कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव से कराई जाए। छात्रों की संख्या बढ़ने पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. हर्ष कुमार एवं सुरक्षा अधिकारी अजय सिंह वहां पहुंच गए। चीफ प्रॉक्टर और सुरक्षा अधिकारी ने छात्रों से उनके आईकार्ड मांगे, जिस पर छात्रों और इविवि प्रशासन के अफसरों के बीच तीखी बहस हो गई।

आधे घंटे बाद कार्यालय के पोर्टिको के पास खड़ी कुलपति की सरकार गाड़ी कुछ आगे बढ़ी तो छात्रों को लगा कि कुलपति वहां से जा रही हैं और वे गाड़ी के आगे लेट गए। हालांकि कुलपति गाड़ी में नहीं, बल्कि अपने कार्यालय में थीं।

इस बीच छात्रों और इविवि के सुरक्षा कर्मियों के बीच धक्कामुक्की शुरू हो गई। कुछ सुरक्षा कर्मियों ने लाठियां चलाईं तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने भी लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें चार-पांच छात्र घायल हो गए। लाठी चलते ही भगदड़ मच गई और छात्र इधर-उधर भागने लगे। 

कुछ छात्र डीएसडब्ल्यू कार्यालय, चीफ प्रॉक्टर कार्यालय और छात्रसंघ भवन के सामने इकट्ठा थे। ऐसे में पुलिस को सीनेट हाउस परिसर में मार्च निकालना पड़ा। दोपहर दो बजे तक परिसर में पूरी तरह शांति हो गई।

‘छात्र बहुत शोर कर रहे थे। चीफ प्रॉक्टर ने आईकार्ड मांगे। आईकार्ड दिखाने के बजाय कुछ छात्र वहां से भागे। पुलिस वाले उन्हें पकड़ने के लिए पीछे भागे। उस समय न तो कहीं मारपीट हुई और न ही छात्रों को कोई नुकसान पहुंचाया गया। ऐसे में लाठीचार्ज होने का कोई सवाल ही नहीं उठता।’ 
डॉ. जया कपूर, पीआरओ, इविवि
 
विज्ञापन

अनशन स्थल पर छात्रों ने की लाठीचार्ज की निंदा

छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर समाजवादी छात्रसभा के बैनर तले इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 175 दिनों से अनशन कर रहे छात्रों ने कुलपति कार्यालय के सामने हुए लाठीचार्ज की निंदा की। अनशन का नेतृत्व कर रहे अजय यादव सम्राट ने कहा कि छात्र सिर्फ अपना हक मांग रहे थे, लेकिन लाठियों के बल पर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई। अनशन स्थल पर नवनीत यादव, मसूद अंसारी, आकाश यादव, मोहम्मद जैद, मोहम्मद सलमान आदि मौजूद रहे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें