कोतवाली थाना क्षेत्र के ललितनगर रेलवे कालोनी में 19 जुलाई की रात चोरों ने रेलकर्मी के कूलर में नशीला पदार्थ डाल दिया। इसके बाद घर में जमकर लूटपाट की। घर वालों को सुबह होश आया। चोर घर से आभूषण और नकदी तो ले ही गए, जेब से फुटकर पैसे तक उठा ले गए। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रेलकर्मी मनीष कुमार श्रीवास्तव ललितनगर रेलवे कालोनी में परिवार के साथ रहते हैं। इन दिनों उनकी ड्यूटी नैनी स्टेशन पर है। 20 जुलाई को उनकी मार्निंग शिफ्ट थी। उन्होंने मोबाइल में चार बजे का अलार्म लगाया था। रात में चोरों ने उनके कूलर में कोई नशीला पदार्थ डाल दिया। इसके बाद मनीष, उनकी पत्नी और तीन साल बच्ची बेहोश हो गए। सुबह करीब छह बजे अचानक मनीष की नींद खुली। उनके सिर में भीषण दर्द हो रहा था
उन्होंने समय देखने के लिए मोबाइल ढूंढा लेकिन नहीं मिला। वह उठे और दूसरे कमरे में गए। पूरा कमरा बिखरा था। चोरों ने लाखों के गहने और 21 हजार उड़ा दिया था। मनीष और उनकी पत्नी के मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, समेत सारी चीजें चोर उठा ले गए। यहां तक कि मनीष की पत्नी की तकिया के नीचे रखे पर्स से और मनीष की पैंट से फुटकर पैसे भी चोर उठा ले गए थे।
उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। आस पास सीसीटीवी फुटेज चेक की गई। मनीष ने कूलर के बगल में विंडो एसी के लिए हाल में ही एक खिड़की बनवाई थी। उसमें में जाली लगी थी। चोर जाली काटकर अंदर घुसे थे। कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।