कोखराज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में रविवार सुबह एक मजदूर का शव कमरे के अंदर नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में रविवार सुबह एक मजदूर का शव कमरे के अंदर नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहनपुर निवासी संगम लाल (45) पुत्र स्वर्गीय हनुमान प्रसाद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। स्वजनों के अनुसार शनिवार रात वह खाना खाकर सोने चले गए। रविवार सुबह उनकी पत्नी नीतू गौतम की नींद खुली तो पति पास में नहीं थे। उन्हें तलाशते हुए जब वह कमरे के अंदर पहुंचीं तो देखा कि संगम लाल नायलॉन की रस्सी के फंदे के सहारे कमरे में बने चूल्हे के ऊपर लटक रहे थे। यह दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई।
विज्ञापन
पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि संगम लाल और उनकी पत्नी की कोई संतान नहीं है। हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।