महानिर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर प्रखर जी महाराज
- फोटो : अमर उजाला
महानिर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर प्रखर जी महाराज की नाराजगी को देखते हुए कमिश्नर आशीष गोयल के बाद अब मेलाधिकारी विजय किरन आनंद भी उन्हें मनाने के लिए शुक्रवार को पहुंचे। उन्होंने प्रखर जी से शाही स्नान में शामिल होने का आग्रह किया। कहा कि उनकी जो शिकायत है उसका निस्तारण किया जाएगा।
दरअसल, महामंडलेश्वर प्रखर जी ने मौनी अमावस्या के मौके पर शाही स्नान का बहिष्कार किए जाने का एक पत्र मेला प्रशासन को 17 जनवरी को भेजा था। उनकी नाराजगी पहले स्नान पर्व मकर संक्रांति के दिन शाही स्नान घाट में व्याप्त अव्यवस्था को लेकर थी। उनका कहना था कि शाही स्नान घाट पर आम लोगों के घुस जाने की वजह से संतों को दिक्कत हुई थी।
साथ ही मेला क्षेत्र में संचालित पीपीएम अस्पताल (प्रखर परोपकार मिशन) में विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से न होने की वजह से वहां मरीजों को दिक्कत हो रही है। बार-बार हो रही ट्रिपिंग की वजह से तमाम मशीनें भी खराब हो गईं। फिलहाल मेलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मौनी अमावस्या को होने वाले शाही स्नान पर्व पर अखाड़ों से जुड़े संत-महात्माओं को कोई दिक्कत नहीं होगी।
प्रखर जी से आशीर्वाद लेने के बाद शिविर संचालक डा. बृजेश शास्त्री के साथ मेलाधिकारी नने पीपीएम हॉस्पिटल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि निश्चित ही अस्पताल में मौजूद सुविधाएं अत्याधुनिक हैं। बता दें कि दो दिन पहले ही कमिश्नर आशीष गोयल भी प्रखर जी को मनाने के लिए उनके शिविर गए थे।