कुंभ मेले के अवसर पर बेहतरीन कार्य करने वाले उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के अफसर रेलमंत्री पीयूष गोयल द्वारा सम्मानित किए जाएंगे। अफसरों का सम्मान हरियाणा के अंबाला में आयोजित 64वें रेलवे सप्ताह कार्यक्रम में होगा। इस दौरान महाप्रबंधक एनसीआर राजीव चौधरी को मानव रहित फाटकों को रिकार्ड समय में समाप्त करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
रेलवे सप्ताह कार्यक्रम में इस बार प्रयागराज में हुए कुंभ मेले की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) की ओर से खास प्रदर्शनी लगाई जा रही है। प्रदर्शनी में जहां प्रयागराज में लगे कुंभ मेले के दुर्लभ चित्र लगाए जाएंगे तो वहीं कुंभ से जुड़ी खास डाक्यूमेंट्री रेल मंत्री पीयूष गोयल को दिखाई जाएगी। अंबाला में रेलवे वीक की शुरुआत 21 जुलाई को होगी।
इस कार्यक्रम में रेलमंत्री, रेल राज्यमंत्री, चेयरमैन रेलवे बोर्ड, सभी बोर्ड सदस्य और विभिन्न जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, डीआरएम और प्रमुख अफसर शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में सभी जोनल रेलवे की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है, लेकिन अन्य जोनल रेलवे के मुकाबले एनसीआर की प्रदर्शनी औरों से अलग रहेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि एनसीआर प्रशासन पहली बार इस प्रदर्शनी में कुंभ की यादों के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज करवाने जा रहा है।
प्रदर्शनी में कुंभ मेले की डाक्यूमेंट्री दिखाने के साथ ही इस पर्व को लेकर रेलवे द्वारा की गई तैयारियों की एक छोटी फिल्म भी दिखाएगा। यहां एनसीआर के सेवानिवृत्त प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर नसीमुद्दीन, तत्कालीन एडीआरएम एके द्विवेदी, सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, सीनियर डीएससी अमरेश कुमार, सीनियर डीपीओ अभिषेक रंजन,, सीनियर डीईई प्रवीन कुमार यादव, सीनियर इीईएनएचएम शिव सिंह, मंडल इंजीनियर संपदा इंद्रपाल सिंह यादव, डा. परवेज अहमद, प्रवीन कुमार यादव, इंदर पाल सिंह, राहुल चौधरी, पीके ओझा आदि को भी सम्मानित किया जाएगा।