एयर इंडिया द्वारा अहमदाबाद और कोलकाता की फ्लाइट बंद कर देने के बाद स्पाइस जेट भी अपना बोरिया बिस्तर समेटने लगा है। दो माह पूर्व शुरू हुई प्रयागराज से दिल्ली केे बीच चलने वली स्पाइस जेट की फ्लाइट का संचालन सिर्फ 24 मार्च तक ही होगा। 25 मार्च से इस फ्लाइट की सेवा बंद हो जाएगी। फ्लाइट क्यों बंद की जा रही है, इसकी कोई वाजिब वजह भी कंपनी के अफसर नहीं बता पा रहे हैं। जबकि जनवरी और फरवरी 2019 के आंकड़ों पर गौर करें तो एयर इंडिया के बाद स्पाइस जेट की फ्लाइट ऐसी रही, जिसे प्रयागराज से सर्वाधिक यात्री मिले।
प्रयागराज से दिल्ली के लिए स्पाइस जेट की फ्लाइट का संचालन छह जनवरी 2019 को शुरू हुआ था। इसके शुरू हो जाने के बाद प्रयागराज से दिल्ली के लिए लोगों को सुबह के समय एक अतिरिक्त फ्लाइट मिली। शायद इसी वजह से इस फ्लाइट को हर रोज काफी यात्री भी मिले। इसके अलावा स्पाइस जेट ने इस फ्लाइट से अहमदाबाद, बंगलूरू, चेन्नई, देहरादून, गोवा, हैदराबाद, जोधपुर, मुंबई, पुणे और लेह की कनेक्टिविटी भी दी। फिलहाल इस फ्लाइट का संचालन स्पाइस जेट 25 मार्च से बंद करने जा रहा है। इसके पूर्व बुधवार 13 मार्च को ही एयर इंडिया ने कोलकाता, अहमदाबाद और दिल्ली के बीच चल रही कुंभ स्पेशल फ्लाइट भी बिना किसी सूचना के निरस्त कर दी थी। जबकि एयर इंडिया की फ्लाइट का संचालन 30 मार्च तक किया जाना था।
वहीं दूसरी और स्पाइस जेट के अफसरों ने पूर्व में कहा था कि दिल्ली के बाद वे जयपुर की भी फ्लाइट शुरू करेेंगे, लेकिन महज दो माह बाद ही कंपनी दिल्ली की फ्लाइट भी बंद करने जा रही है। इस बारे में स्पाइस जेट के आरएम उत्तरी क्षेत्र बृजेंद्र सिंह का कहना है कि रूट को लेकर कुछ समस्या आई है। इसी वजह से कंपनी ने इसे बंद करने का निर्णय लिया है। स्पाइस जेट की फ्लाइट बंद हो जाने के बाद प्रयागराज से दिल्ली की एकमात्र फ्लाइट एयर इंडिया की ही रह जाएगी। जो पिछले कई वर्ष से चल रही है। इसके अलावा जेट एयरवेज की लखनऊ, पटना, नागपुर, इंदौर और इंडिगो की बंगलूरू के लिए सीधी सेवा ही प्रयागराज से उपलब्ध है।
दो माह में 15 हजार से ज्यादा यात्रियों ने किया था स्पाइस जेट से सफर
0 छह जनवरी से दिल्ली के लिए शुरू हुई स्पाइस जेट की फ्लाइट में 28 फरवरी तक 15 हजार से ज्यादा यात्रियों ने हवाई सफर किया। इस दौरान इसकी 108 उड़ान में 15264 यात्रियों को दिल्ली-प्रयागराज के बीच आवागमन हुआ। इस अवधि में सर्वाधिक 24821 यात्रियों ने एयर इंडिया की फ्लाइट से सफर किया। इस तरह से प्रयागराज में स्पाइस जेट 24 मार्च तक महज 78 दिन ही अपनी सेवा देने के बाद विदा हो जाएगा।
‘स्पाइस जेट के अफसरों को पत्र लिखा जाएगा कि वह दिल्ली की सेवा बंद न करें। आने वाले दिनों में प्रयागराज से कई अन्य शहरों की सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। इसी कड़ी में 20 अप्रैल से मुंबई की सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है।’
0 नंद गोपाल गुप्ता नंदी, उड्डयन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार।