केंद्र सरकार की पहल के क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सूबे की खुशहाली और कुंभ की कुशलता के अतिरिक्त राम मंदिर निर्माण की राह की बाधाएं दूर करने के लिए हनुमानजी से आशीष मांगा।
सूबे की सरकार की कैबिनेट बैठक से पहले वह अपने उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य तथा दिनेश शर्मा सहित डॉ.रीता बहुगुणा जोशी, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, आशुतोष टंडन आदि के साथ मंदिर पहुंचे। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की देखरेख में योगगुरु स्वामी आनंद गिरि ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कराया। योगी ने अभिषेक के बाद माथा नवाया और हाथ जोड़कर लेटे हनुमानजी से सर्वमंगल का आशीर्वाद मांगा।
वहीं संगम में डुबकी लगाने के बाद योगी ने बारहपंथ योगी महासभा गोरखनाथ अखाड़ा परिसर में संतों और मंत्रियों के साथ भोजन किया। अखाड़े के अध्यक्ष योगी आदित्यनाथ और उपाध्यक्ष महंत बालक नाथ योगी की ओर से भेजे गए न्योते में कैबिनेट के मंत्रियों के अतिरिक्त बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि, उपाध्यक्ष तथा निर्मल अखाड़े के सचिव महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री, निर्वानी अनी के श्रीमहंत धर्मदास, आवाहन के महासचिव श्रीमहंत सत्यगिरि जी सहित सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त दंडी संन्यासी अध्यक्ष स्वामी विमलदेवाश्रम, महामंत्री स्वामी ब्रह्माश्रम सहित अनेक संत महात्मा शामिल थे विदाई में योगी ने संतों तथा मंत्रियों को कुंभ कलश और गुरु गोरखनाथ का चित्र भेंट किया।