सेक्टर 14 स्थित में अनंत श्री विभूषित जगद्गुरू रामानंदचार्य जी के आश्रम में दिन-रात श्रद्धालुओं को भोजन कराया जा रहा है।आश्रम के प्रवक्ता ने बताया कि हमारे यहां दाल, चावल, रोटी, सब्जी है, लेकिन स्नान पर्व के दिन पूड़ी और मीठा बढ़ा दिया जाता है।
सेक्टर 14 स्थित हरिश्चनंद मार्ग पर शहीद सैनिक आश्रम में शहीदों की याद में भव्य भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है। यहां 24 घंटे चलने वाले इस भण्डारे की मीनू भी बहुत खास है। मीडिया प्रभारी देवेन्द्र जीत सिंह‘पिंटू’ ने बताया कि सुबह नाश्ते में चाय, पूड़ी, चना और हलवा दिया जाता है। दोपहर को भोजन में दाल-चावल, सब्जी, रोटी, कढ़ी इसके साथ ही छोले या राजमा ,सब्जी में सप्ताह में दो दिन मटर पनीर देते हैं। यहा रोजना 25000 व्यक्तियों को खाना खिलाया जा रहा है।
सेक्टर 16 स्थित हिमाद्री फाउन्डेशन में सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक लोगों को प्रसाद दिया जाता है। प्रसाद में बूंदी, नमकीन मालपुआ तो कभी रसगुल्ला, खस्ता समोसा दिया जाता है। बालूशाही और खाजा भी प्रसाद में वितरित किया जाता है।
यही नहीं मेले में आपको दक्षिण भारत के पकवान भी खाने को मिलेंगे सेक्टर 16 में अन्नपूर्णा आश्राम की तरफ से साधु-संन्यासियों और आने वालें श्रद्धालुओं के लिए सुबह 8 से 11 बजे तक और शाम 7 से 9 बजे तक इडली, डोसा और सांभर खिलाया जाता है ।
सेक्टर 16 स्थित अखिल भारतीय चतुः सम्प्रदाय खालसा का मीनू किसी होटल से कम नहीं है, खालसा के महन्त फूलेडोल विहारी दास ने बताया कि हमारे यहां सुबह 5 बजे से लेकर रात 10 बजे तक चलने वाले इस भण्डारे का प्रारम्भ चाय से होता है और अन्त मीठे से होता है। 8 बजे से नाश्ता शुरू होता है। नाश्ते में चना, पकौड़ी, जलेबी, पकौड़ा हलवा या इनमें कोई भी दो चीजें दी जाती हैं।
इसके अलावा कई अन्य जगहों पर प्रसाद में खिचड़ी और पूड़ी-सब्जी वितरित की जाती हैं। इन्हीं सब के बीच लोगों की सेवा करने वाले बाबा कुंभ प्रशासन से सुविथा नहीं मिलने से खासे नाराज हैं। बाबा जी ने बताया कि हमारे खालसा के अन्दर शौचालय नहीं है और सेक्टर 16 के अधिकारी के पास फोन करने पर वो आज कल कहकर टाल रहे हैं।