विहिप के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार
- फोटो : अमर उजाला
विहिप के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा है कि भाजपा के विपक्षी दल कांग्रेस, सपा, बसपा अपने आगामी चुनावी घोषणा पत्र में राम मंदिर निर्माण मुद्दे को शामिल करें, इसके बाद ही इन पार्टिर्यों के बारे में चर्चा करना ठीक रहेगा। फिलहाल भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो लंबे समय से मंदिर और हिंदुत्व को लेकर चल रही है। उन्होंने कहा राहुल गांधी, अखिलेश, ममता और मायावती पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
कार्याध्यक्ष ने कहा कि इस बार की तरह जब अगला कुंभ 2025 में प्रयाग की धरती पर लगेगा तब केवल राम मंदिर पर ध्वजा लगाने का काम बाकी रह जाएगा। उन्होंने कांग्रेस का समर्थन कभी नहीं किया। कार्याध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी यदि स्वयं को हिंदू कहते हैं तो उन्हें अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर किसी तरह का व्यवधान नहीं पैदा करना चाहिए। आलोक कुमार ने यह भी कहा कि विहिप किसी राजनीतिक दल को चुनावी समर्थन देने की कभी बात नहीं करता हैं।
विहिप हिंदुत्व की बात करता है, इस कार्य में जो लोग साथ आना चाहते हैं, उनका स्वागत है। इस बीच पूरे कुंभ क्षेत्र में धर्म संसद को लेकर जबरदस्त प्रचार प्रसार किया जा रहा है। जगह-जगह होर्डिंग भी लगाई जा रही है।
विहिप की धर्म संसद से पहले कुंभ क्षेत्र में परम धर्म संसद का आयोजन किया जाएगा। यह 28 से 30० जनवरी तक चलेगी। परम धर्म संसद के प्रवर धर्मादेश स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि इस धर्म संसद में गाय, गंगा के साथ अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर भी मंथन होगा।
आयोजन गंगा सेवा अभियानम् पंडाल में होगा। इससे पहले काशी में परम धर्म संसद का पहला आयोजन हो चुका है। कुंभ में होने वाली इस धर्म संसद में भी संतों का जमावड़ा होगा। इस अवसर पर सनातन हिंदू संस्कृति की रक्षा के लिए कई फैसले लिए जाएंगे।