कुंभ मेले में कन्याकुमारी से प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कुंभ स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है। कन्याकुमारी से प्रयागराज आने वाली यह ट्रेन 52.40 घंटे में यह दूरी तय करेगी। इसका संचालन कन्याकुमारी से चार एवं 11 फरवरी को एवं इलाहाबाद जंक्शन से सात और 14 फरवरी को होगा। कन्याकुमारी से जंक्शन के बीच कुंभ स्पेशल ट्रेन के कुल 43 ठहराव रेलवे ने सुनिश्चित किया है।
कन्याकुमारी से गाड़ी संख्या 06057 चार एवं 11 फरवरी की रात 10 बजे चलेगी। जो मुख्य रूप से नगरकोविल, सातूर, मदुरै, चेन्नई, विजयवाड़ा, वारंगल, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर आदि स्टेशनों पर रुकते हुए देर रात 02.40 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंचेंगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 06058 जंक्शन से सात एवं 14 फरवरी की दोपहर 12.15 बजे चलकर क्रमश: नौ और 16 फरवरी की शाम 04.10 बजे कन्याकुमारी पहुंच जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे के पीआरओ डा. अमित मालवीय के मुताबिक इस ट्रेन में स्लीपर के दस, एसी थ्री के दो एवं सामान्य श्रेणी के दो कोच रहेंगे।