अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर धर्मसंसद सहित अन्य प्रयासों से इतर बाधा मुक्ति के लिए बृहस्पतिवार से याज्ञिक अनुष्ठान भी होगा। राम मंदिर निर्माण की राह की अड़चनें दूर करने के लिए निर्वाणी अनी अखाड़े की ओर से सेक्टर तेरह, मुक्तिमार्ग स्थित वयोवृद्ध संत महात्यागी सेवादास जी महाराज के शिविर में 31 जनवरी से दो फरवरी तक बाधामुक्ति महा अनुष्ठान से पहले बुधवार को शिविर से कलश शोभायात्रा निकाली गई।
निर्वानी अनी के श्री महंत धर्मदास ने कहा कि इस अनुष्ठान का उद्देश्य राम मंदिर निर्माण की राह में आ रही बाधाओं से मुक्ति पाना है। यह हनुमान जी के निमित्त अनुष्ठान है, जो कुंभनगर के प्रवास के बाद भी चालीस दिनों तक जारी रहेगा।
अखाड़े का मानना है कि राम का कोई भी काज हनुमान जी के बिना पूरा नहीं होता है। हनुमान जी हमारे आराध्य हैं, ऐसे में राम मंदिर निर्माण की बाधाएं दूर करने के लिए भी उन्हीं का ध्यान करते हुए कुंभ पर्व के दौरान संगम की रेती पर यह संकल्प लिया गया है।