मेला पुलिस ने श्रद्धालुओं के साथ चोरी, छिनैती और लूट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह बदमाशों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बड़ी संख्या में गहने, पर्स, कपड़े तथा अन्य सामान बरामद हुए हैं। मौनी अमावस्या के पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ चोरी और छिनैती की घटनाएं हुई थीं।
संगम पुलिस ने एक सूचना पर पीपा पुल नंबर छह के पास से पीडब्लूडी के शिविर के पीछे से भिलाई छत्तीसगढ़ के रजनीश कुमार, पश्चिम चंपारन बिहार के संजय राय, पलवल हरियाणा के सूरज कुमार, भेलूपुर वाराणसी के शाहिद, शरीफपुर हंडिया के नीरज कुमार, और सुदनीपुर सराय इनायत के अवधेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
उनके पास से भारी संख्या में गहने, रुपये, पर्स, कपड़े तथा अन्य सामान बरामद कर लिए गए। इंस्पेक्टर दीपक पांडेय ने बताया कि मेले में भीड़ का फायदा उठाकर गिरोह के लोग श्रद्धालुओं से चोरी छिनैती करते हैं। डीआईजी कुंभ मेला ने पकडऩे वाली टीम के दीपक पांडेय, काशी सिंह, मनीष यादव, विष्णु यादव, शौकत अली और प्रदीप पांडेय की पीठ थपथपाई है।