संगम नगरी आए केंद्रीय जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को अपने पूरे कार्यक्रम में कुंभ की भव्यता और दिव्यता का बखान कर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का कद बढ़ाते रहे। प्रयागराज से जल परिवहन की शुरुआत, रिवर पोर्ट स्टेशन, सड़कें, पुल और अन्य कार्यों के लिए डिप्टी सीएम के प्रयास को सराहा। केशव के नाम से शुरू गडकरी का संबोधन अंत तक छाया रहा।
हर कार्यक्रम में उनके साथ रहे केशव के चेहरे की चमक
चुनावी मौसम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा प्रदेश सरकार के हर संकल्प को केंद्र पूरा कराने को प्रतिबद्ध है। जब-जब केशव जी ने हमसे कुछ कहा, हमने पूरा किया। गडकरी ने रिवर पोर्ट, जल परिवहन सेवा का पूरा श्रेय डिप्टी सीएम को दिया। घाट से से वह कार्यक्रम बीच में छोड़कर किला के बगल मनकामेश्वर मंदिर के बगल स्थित अंग्रेजों के जमाने के पोर्ट स्टेशन को काफी देर तक देखा।
उसके बारे में पूछताछ कर विकसित और संरक्षित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज के साथ प्रदेश की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए प्रयत्नशील डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के हर प्रस्ताव को स्वीकृति दी है और भविष्य में देता रहूंगा, जनहित के कार्यों में केंद्र सरकार देरी नहीं करती।
सियासी सवाल जवाब से पूरी तरह से बचते रहे गडकरी ने बड़ी सफाई से योजनाओं की जानकारी दी और उपलब्धियां गिनाने से नहीं चूके। उन्होंने सियासी संकेत दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार का समन्वय विकास का कारण है। साफ है कि केशव का कद बढ़ाना लोकसभा चुनाव में वोटों की गणित साधने का काम करेगा।