फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुंभ की पांच सड़कों पर तीन मिनट में सफाई का गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड, ढाका के कीर्तिमान को तोड़ा

Sat, 02 Mar 2019 11:04 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
विज्ञापन

कुंभ की पांच सड़कों पर शनिवार को10 हजार से अधिक सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाकर महज तीन मिनट में बंग्लादेश के सफाई पर आधारित विश्व रिकार्ड को तोड़कर नया कीर्तिमान रचा। इसी के साथ सफाई में भी कुंभ मेला प्राधिकरण ने गिनीज बुक वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराने में सफलता हासिल कर ली। इससे पहले यह विश्व रिकार्ड ढाका के नाम था। इसी के साथ कुंभ में विश्व स्तरीय व्यवस्थाओं को लेकर गिनीज बुक में विश्व रिकार्ड की हैट्रिक लग गई।

विज्ञापन


सबसे बड़े सांस्कृतिक-आध्यात्मिक समागम के तौर पर कुंभ मेला में शनिवार को स्वच्छता के संदेश को दुनिया के समक्ष प्रदर्शित करने की कोशिश साकार हुई। सेंट्रल एनाउंसमेंट कंट्रोल रूम से सुबह नौ बजे सबसे पहले सायरन बजाकर लाल रोड समेत पांच सड़कों पर झाड़ू के साथ पहुंचे स्वच्छता कर्मियों को एलर्ट किया गया। इसके बाद दूसरा सायरन बजने पर एक साथ सड़कों पर झाड़ू लगाने का सिलसिला आरंभ हुआ। तीन मिनट बाद तीसरा सायरन बजने के बाद गिनीज बुक के पर्यवेक्षक मंडल के पदाधिकारियों ने ढाका में सात हजार लोगों के एक साथ सफाई करने के विश्व रिकार्ड को पीछे छोड़कर प्रयागराज मेला प्राधिकरण के नया विश्व कीर्तिमान बनाने की घोषणा की।

इसी के साथ हाथों में झाड़ू उठाए स्वच्छता कर्मियों के साथ अफसर व आम नागरिक वंदे मातरम का जयघोष करने लगे। इस अभियान में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के अलावा एडीजी एसएन साबत, डीआईजी केपी सिंह, मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, अपर निदेशक स्वास्थ्य एके पालीवाल तथा सीएमओ डॉ गिरिजाशंकर वाजपेयी सहित कई अधिकारियों ने भी सड़कों पर झाडू लगाई। मानीटरिंग गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के निर्णायक मंडल के प्रमुख ऋषिनाथ कर रहे थे। कुंभ मेला क्षेत्र की सेक्टर-एक की लाल सड़क, संकटमोचन मार्ग, कैलाशपुरी, संगम लोवर मार्ग समेत पांच सड़कों पर झाड़ू लगाकर यह विश्व रिकार्ड बनाया गया।
विज्ञापन


प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि, सफाईकर्मी ही कुंभ मेले के रीयल हीरो हैं। यह एक ऐतिहासिक क्षण है, जब 10 हजार से अधिक संख्या में सफाईकर्मियों ने कुंभ मेला क्षेत्र की सड़कों पर एक साथ सफाई कर कीर्तिमान स्थापित किया है। कुंभ के आयोजन में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विश्वस्तर की व्यवस्था की गई थी। करोड़ों की संख्या में लोगाें ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई है, यह भी अपने आप में कीर्तिमान है। कुंभ -2019 को देश-दुनिया में स्वच्छ कुंभ के रूप में जाना जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें