कुंभ मेले में आए दिन आगजनी की घटना हो रही है। शनिवार को सेक्टर 13 में सभी पंडाल में आग लग गई। जानकारी के मुताबिक आग प्रयागवाल सभा के पंडाल में लगी है। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस अगजनी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि बिजली के हीटर के इस्तेमाल की वजह से आग लगी थी।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर 12 में भी एक जगह आग लगी है। बताया जा रहा है कि दक्षिण भारत के एक संत के शिविर में आग लगी है। हलांकि आग पर काबू पा लिया गया है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बता दें कि इससे पहले 16 जनवरी को मेले में स्वामी वासुदेवानंद के शिविर में आग लग गई थी। स्वामी वासुदेवानंद के शिविर में भंडारा चल रहा था उसी वक्त आग लगी थी। आग लगने से भंडारे का टेंट जलकर राख हो गया था। लेकिन उसमें सामान नहीं रखा था इसलिए पेंट के अतिरिक्त किसी और तरीके का नुकसान नहीं हुआ।