कुंभ मेले के मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर स्वास्थ विभाग ने आपदा प्रबंधन सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। केंद्रीय अस्पताल के साथ 12 अस्पतालों और 25 पीएचसी पर अलर्ट घोषित कर ड्यूटी कार्ड जारी कर दिए गए हैं। सूचना के पांच मिनट के भीतर श्रद्धालुओं को स्वास्थ सेवा उपलब्ध कराई जाएंगी।
मेला क्षेत्र में 80 सामान्य और छह एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस एंबुंलेंस तैनात की गई हैं। पांच रिवर और एक एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। भीड़ बढ़ी तो नदी में एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने की तैयारी है।
रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, सड़कों पर 25 आउट हेल्थ पोस्ट
मौनी अमावस्या पर स्वास्थ विभाग रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए 25 आउट हेल्थ पोस्ट पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। 15 मोबाइल टीमें भी मेला क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी।
1500 डिजास्टर किट तैयार कर बांटीं
मेले के दौरान भगदड़, आग और पानी में डूबने की घटना के तुरंत बाद चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 1500 डिजास्टर किट तैयार कराकर बांटी गई हैं। प्रभारी डॉ. शक्ति बसु के मुताबिक सभी एंबुलेंस, अस्पतालों, सीएचसी के साथ अन्य प्रमुख स्थानों पर किट रखवा दी गई हैं। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है।
डॉ. अशोक कुमार पालीवाल, एडी हेल्थ, कुंभ मेला प्रभारी चिकित्सा ने बताया कि, मौनी अमावस्या स्नान की तैयारियां पूरी हैं। 300 विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ 1500 स्वास्थ कर्मियों को लगाया गया है। सफाई और मच्छर-मख्खी से बचाव के उपाय कराए जा रहे हैं।
केंद्रीय अस्पताल पहुंचे 2336 मरीज, 70 भर्ती
कुंभ मेला के केंद्रीय अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को 2336 मरीज पहुंचे। कुल 70 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती किए गए। देर शाम 31 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक सेठ ने बताया कि अधिकांश मरीज सर्दी-जुकाम, बुखार और डायरिया के रहे। उन्होंने बताया कि डूबने की घटना के बाद अस्पताल लाई गईं महिलाएं खतरे से बाहर हैं।