कुंभ मेला क्षेत्र में रविवार को बांदा से परिवार संग से आए 11 वर्षीय बच्चे की ठंड से मौत हो गई। इस दौरान पीआरवी 85 के जवानों ने दुखी परिवार को संभाला और बच्चे के शव को पार्किंग स्थल तक पहुंचाया। बच्चे की मौत कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। बांदा के भिसंडी थाना स्थित सिराथू गांव का रहने वाला रामनरेश यादव रविवार को परिवार संग संगम स्नान के लिए निजी वाहन से आया था। साथ में 11 वर्षीय विकलांग बेटा सुभाष भी था। ईसीसी पार्किंग स्थल में वाहन खड़ा करने के बाद भोर में सभी संगम क्षेत्र आ गए। अभी वह काली सड़क पर मीडिया सेंटर के पास पहुंचे थे कि सुभाष ने वॉशरूम जाने की बात कही। पिता रामनरेश उसे लेकर पीछे खाली पड़ी जमीन की ओर गया। इसी दौरान अचानक सुभाष बेसुध होकर गिर पड़ा और वहीं उसकी मौत हो गई।