भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सोमवार को संगम में डुबकी लगाई। वह अपनी पहली भोजपुरी वेब-सीरीज 'हीरो वर्दीवाला' के प्रमोशन के लिए कुंभ पहुंचे हैं। हीरो वर्दीवाला में निरहुआ पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। निरहुआ ने संगम तट पर इस वेब सीरिज की सफलता के लिए प्रार्थना की।
पत्रकारों से बातचीत में निरहुआ ने बताया कि हीरो वर्दीवाला को दर्शकों के लिए खासतौर से तैयार किया गया है। उम्मीद है कि प्रशंसक इसे देखेंगे और आनंद लेंगे। प्रशंसकों की पसंद और मनोरंजन के पहलू को ध्यान में रखकर इसे तैयार किया गया है। 'हीरो वर्दीवाला' में अभिनेत्री आम्रपाली दुबे लीड भूमिका में हैं।
इस सीरीज में ग्लैमर का तड़का लगाने के लिए 'भोजपुरी इंडस्ट्री की हेलन' संभावना सेठ इस सीरीज में आइटम नंबर गीत 'ना तो फुर्र से चिरैया उड़ जाई' पर डांस करती दिखेंगी। इस गीत को गाया है ओम झा और प्रियंका सिंह ने। 'हीरो वर्दीवाला' में निरहुआ स्पेेशल टास्क फोर्स ऑफीसर तेजस्वी प्रताप सिंह की भूमिका निभा रहे हैं।
वह बदमाश ब्लैकस्टार का सामना करने और उसके गलत कामों को रोकने के लिए काम करता है। वेद प्रकाश शर्मा के मशहूर उपन्यास 'वर्दीवाला गुंडा' पर आधारित यह डिजिटल रूपांतरण बेहतरीन अदाकारी और निर्देशन के कारण लोगों का ध्यान खींच रहा है।