फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kumbh 2019: अमित शाह ने सीएम योगी संग लगाई संगम में डुबकी, सीएम समेत संतों को कराया भोज, दी दक्षिणा

Wed, 13 Feb 2019 01:10 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
विज्ञापन

तीसरे शाही स्नान पर्व के बाद अखाड़ों की चलाचली की बेला में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संतों के साथ संगम में डुबकी लगाई। डुबकी के बाद संगम तट पर ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने गंगा पूजन किया और कुंभ की कुशलता के लिए आशीष मांगा। अमित शाह ने संतों को भोज भी कराया।

विज्ञापन


अमित शाह आए तो थे सफेद कुर्ते-पायजामे में, लेकिन डुबकी लगाने जाते समय उन्होंने भगवा चादर लपेटी। शाह और योगी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, संगठन मंत्री रामलाल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, योगगुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनिजी, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि, महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरि, निर्मल अखाड़े के सचिव महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री, निर्वाणी अनी के श्रीमहंत धर्मदास, महानिर्वाणी के श्रीमहंत रवींद्र पुरी  सहित अन्य अखाड़ों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

संगम में डुबकी के बाद संतों के काफिले के साथ अमित शाह जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के शिविर पहुंचे। यहां उन्होंने संतों के साथ दोपहर का भोजन-प्रसाद लिया। खास यह कि अमित शाह ही इस भोज के आयोजक रहे, सो उन्होंने भोजन से पूर्व तिलक-चंदन लगाकर सीएम सहित संतों का स्वागत किया और परंपरा के मुताबिक उन्हें दक्षिणा भी दी। भोजन के बाद सीएम योगी, जूना पीठाधीश्वर, बाबा रामदेव सहित अन्य संतों के साथ उन्होंने कुछ देर मंत्रणा की।
विज्ञापन


भोजन के बाद निर्मोही अनी अखाड़ा, पंचायती अखाड़ा श्रीनिरंजनी और बड़ा अखाड़ा उदासीन में उन्होंने संतों से मुलाकात की। निरंजनी में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि, सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। अखाड़ों से निकलने के बाद अमित शाह ने अक्षयवट और सरस्वती कूप के दर्शन व पूजन किया। फिर वह त्रिवेणी बांध स्थित बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी के दर्शन, पूजन व अभिषेक किया।

108 फुट ऊंचे त्रिशूल की स्थापना की
हनुमान मंदिर से अमित शाह सीधे सेक्टर सात स्थित कार्ष्णि गुरु शरणानंद जी के शिविर पहुंचे। यहां गुरु शरणानंद, सीएम योगी एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ बंद कमरे में कुछ देर चर्चा के बाद शाह का काफिला सीधे यमुना किनारे स्थित मौजगिरि पहुंचा। मौजगिरि घाट पर यमुना पूजन के बाद उन्होंने पूजन करके परिसर में 108 फुट के त्रिशूल की स्थापना की। जूना संरक्षक महंत हरि गिरि, श्रीमहंत प्रेम गिरि, श्रीमहंत विद्यानंद सरस्वती ने शाल ओढ़ाकर अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी का अभिनंदन किया। तकरीबन छह घंटे कुंभ क्षेत्र में गुजारने के बाद बम्हरौली एयरपोर्ट से रवाना हो गए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें