राजापुर दधिकांदो मेले में निकली झांकियां।
- फोटो : अमर उजाला।
राजापुर दधिकांदो मेला क्षेत्र रविवार को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग रहा। लाउडस्पीकर पर बज रहे गीत के लोगों में गजब का उत्साह रहा। थोड़ी देर की बारिश के दौरान में मेले की रौनक फीकी नहीं पड़ी। आस्था और उल्लास के बीच लोगों ने चांदी के हौदे पर निकली कृष्ण-बलदाऊ की सवारी पर पुष्प वर्षा की। भगवान का जगह-जगह पूजन कर आरती की गई। मेले में निकले दल शामिल चौकियां लोगों के आकर्षक का केंद्र बनी रहीं।
श्री कृष्णा दधिकांदो मेला समिति की ओर से रविवार को म्योर रोड, राजापुर स्थित संजीव गुप्त के आवास पर कृष्ण-बलदाऊ का पूजन-अर्चन कर आरती उतारी गई। पुष्प वर्षा के बीच कृत्रिम हाथी पर रखे चांदी के हौदे पर कृष्ण-बलदाऊ की सवारी के साथ दधिकांदो दल को रवाना किया गया।
दल में सबसे आगे भगवान गणेश, देवाधिदेव भगवान शिव के साथ हनुमान जी की प्रतिमा के साथ दस से अधिक चौकियां शामिल रहीं। इनमें क्षीर सागर में श्रीहरि विष्णु, शिव तांडव, महिषासुर वध और ऑपरेशन सिंदूर जैसी झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। ट्रैफिक पुलिस चौराहा से अशोक नगर के बाबा चौराहे तक पूरा क्षेत्र रंगबिरंगी रोशनी से जगमग रहा।
राजापुर दधिकांदो मेला क्षेत्र में बज रहे लाउडस्पीकर के सामने लोग गीतों पर थिरकते रहे। मेला क्षेत्र में महिलाओं व बच्चों ने चाट-पकौड़ी के साथ खरीदारी भी करते रहे। बच्चों के साथ बड़े भी झूलों के आसपास डटे रहे। खिलौने-गुब्बारों के साथ अनरसा की गोलियां खरीदने की लोगों में होड़ रही।
पूजन-आरती करने वालों में सांसद प्रवीण पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, समिति के अध्यक्ष रामचंद्र गुप्त के साथ महामंत्री प्रदीप कुमार श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। दल में कार्यवाहक अध्यक्ष रत्न चंद्र केसरवानी, कृष्णा केसरवानी, प्रमिल केसरवानी, मनोज मिश्र, शिव बाबू केसरवानी, प्रभाकर मिश्र, सुनील केसरवानी आदि शामिल हुए।