केपी ट्रस्ट के चुनाव में दोपहर बाद मतदान के लिए बनाए गए 32 बूथों में से आधे से अधिक पर लाइन लगी। लोग काफी देर इंतजार के बाद वोट दे पाए। सदस्य संख्या बताए जाने के बाद कई न्यासधारियों ने सूची में नाम न होने की शिकायत दर्ज कराई। कुछ ऐसे लोग भी रहे, जिनके पास ट्रस्ट का परिचय पत्र था, लेकिन उन्हें मतदान के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
बूथ नंबर 32 पर विशेष मतदान
कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट चुनाव में बूथ नंबर 32 पर विशेष मतदान की व्यवस्था की गई थी। इस बूथ पर दिव्यांग कायस्थ जनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। इस बूथ पर कुल मतदाताओं की संख्या 500 थी, जिसमें 263 न्यासधारियों ने मतदान किया।
बुजुर्ग और बीमार भी आए वोट देने
मंगलवार को केपी कॉलेज में मतदान करने वालों में बुजुर्ग और बीमार न्यासधारियों की संख्या चौंकने वाली रही। अपनों के साथ आए बुजुर्गों ने लोगों से मुलाकात कर चुनाव का जायजा लिया। वहीं पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त स्टेनली रोड जजेज कॉलोनी निवासी नन्हें लाल श्रीवास्तव बीमारी की हालत में सहचर के साथ धीरे-धीरे चलते हुए बूथ तक पहुंचे। लौटते समय वह अपनी हिम्मत के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बने थे।