लूकरगंज में कोरोना के दो पॉजिटिव मामले सामने आने से हिम्मतगंज स्थित यूनानी मेडिकल कॉलेज में बनाए गए कोविड-19 लेवल-1 हॉस्पिटल को शिफ्ट किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारी तेज कर दी है। यहां स्वास्थ्य विभाग ने 100 बेड का हॉस्पिटल तैयार किया था।
जिले में कोविड-19 लेवल-1 हॉस्पिटल 60 बेड का कोटवां-बनी के अलावा हिम्मतगंज स्थित यूनानी मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का बनाया गया था लेकिन उससे जुड़े इलाके लूकरगंज में इंजीनियर और उनकी पत्नी में कोरोना मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमण के फैलाव को देखते हुए यहां से दूसरी जगह लेवल-1 का दूसरा हॉस्पिटल शिफ्ट करने की तैयारी में है। इसके लिए शहर में बड़े हॉस्पिटल की तलाश की जा रही है।
स्वास्थ्य अधिकारियों से इसके लिए खोजबीन किए जाने को कहा दिया गया है। फाफामऊ स्थित होम्योपैथिक हॉस्पिटल में भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं लेकिन वहां कई परेशानियां है। इसीलिए लेवल-1 के दूसरे हॉस्पिटल को शहर में ही कहीं शिफ्ट किए जाने की बात कही जा रही है। सीएमओ का कहना है कि हिम्मतगंज लूकरगंज से जुड़ा होने के कारण हॉटस्पॉट हो गया है। इसलिए कोविड-19 लेवल-1 के दूसरे हॉस्पिटल को अन्यत्र शिफ्ट किया जा सकता है।